नवंबर में ही जमुई पहुंच गए सात समंदर पार के परिंदे: दिसंबर में भागलपुर से आएगी विशेषज्ञों की टीम, होगी गिनती
Nagi Nakti Bird Sanctuary Jamui : गुलाबी ठंड के साथ जमुई के नागी और नकटी पक्षी आश्रयणी में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। दिसंबर में भागलपुर से विशेषज्ञ टीम आकर इन पक्षियों की वार्षिक गणना करेगी, जिससे संरक्षण योजनाएं बनेंगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
-1795378391123_m.webp)
Nagi Nakti Bird Sanctuary Jamui : जमुई के नागी और नकटी पक्षी आश्रयणी में शुरू हुआ प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा
HighLights
जमुई के नागी-नकटी में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू.
दिसंबर में भागलपुर से विशेषज्ञ टीम करेगी वार्षिक गणना.
पक्षियों के संरक्षण और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा.
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। Nagi Nakti Bird Sanctuary Jamui : गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ ही नवंबर माह में जमुई जिले के प्रसिद्ध नागी और नकटी पक्षी आश्रयणी में प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा शुरू हो गया है। जैसे-जैसे तापमान में गिरावट आ रही है, विभिन्न प्रजातियों के देशी-विदेशी पक्षियों की आवाजाही तेज होती जा रही है।
पक्षियों की इस बढ़ती संख्या को देखते हुए वन विभाग ने वार्षिक पक्षी गणना की तैयारियां शुरू कर दी हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह में भागलपुर से पक्षी विशेषज्ञों की एक विशेष टीम नागी और नकटी पहुंचेगी, जो यहां तीन से चार दिनों तक प्रवास कर पक्षियों की विधिवत गणना करेगी।

नई प्रजातियों की पहचान कर तैयार होगी संरक्षण की रूपरेखा
जमुई के डीएफओ (वन प्रमंडल पदाधिकारी) तेजस जायसवाल ने बताया कि नागी और नकटी जलाशय प्रवासी पक्षियों के लिए अत्यंत अनुकूल प्राकृतिक स्थल हैं। यहां का शांत वातावरण और प्रचुर मात्रा में भोजन की उपलब्धता पक्षियों को अपनी ओर खींचती है। यही कारण है कि प्रत्येक वर्ष सर्दियों के मौसम में सात समंदर पार से भी बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी यहां प्रवास के लिए पहुंचते हैं।
पक्षी विशेषज्ञों की टीम गणना के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों की सटीक संख्या का आकलन करेगी। इसके साथ ही आश्रयणी में पहली बार पहुंचने वाले नए पक्षियों की पहचान कर उनके संरक्षण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी तैयार किए जाएंगे।
-1795378437048.webp)
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से वन विभाग उत्साहित
डीएफओ ने बताया कि इस बार ठंड के मिजाज को देखते हुए समय से पहले ही काफी संख्या में रंग-बिरंगे पक्षी आश्रयणी में डेरा डाल चुके हैं। सुबह और शाम के समय पक्षियों की मधुर चहचहाहट से पूरे क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य निखर उठा है। प्रवासी पक्षियों के दीदार के लिए अब पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों का आवागमन भी शुरू होने लगा है, जिससे वन विभाग काफी उत्साहित है। विभाग की ओर से पक्षियों की सुरक्षा व संरक्षण के साथ-साथ यहां आने वाले सैलानियों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।