जमुई के बनवारी सिंह मार्केट में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
जमुई के खैरा बाजार स्थित बनवारी सिंह मार्केट में शनिवार सुबह आग लगने से कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं।

दुकान में आग। फोटो जागरण
HighLights
जमुई के बनवारी सिंह मार्केट में सुबह लगी आग।
हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित 55 लाख का नुकसान।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, पुलिस जांच जारी।
संवाद सहयोगी, जमुई। खैरा बाजार स्थित बनवारी सिंह मार्केट में शनिवार की सुबह करीब चार बजे अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से कई दुकानों में रखा हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े समेत अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई।
दो दुकानदारों ने करीब 55 लाख रूपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का दावा किया है। हालांकि, अन्य दुकानों में हुई क्षति का आकलन अभी बाकी है। स्थानीय लोगों ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब चार बजे मार्केट से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों को आग लगने की जानकारी हुई।
लोगों ने शोर मचाकर अन्य दुकानदारों को सतर्क किया और डायल 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
खैरा थाना की अग्निशमन वाहन, अनुमंडल से पहुंचे वाटर टैंकर और एक अन्य अग्निशमन वाहन की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग से प्रवीण सिन्हा की मांडल हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रॉनिक दुकान के गोदाम में रखा हार्डवेयर और इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया।
दुकान में रखे कंप्यूटर और सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त हो गए। दुकानदार ने करीब 40 लाख रूपये से अधिक के नुकसान का दावा किया है।
इसी तरह रविशंकर प्रसाद की जय माता की स्टोर भी आग की चपेट में आ गई। दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।
दुकानदार के अनुसार, करीब 15 लाख रूपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इसी मार्केट में स्थित मोदी कलेक्शन और विशेश्वर वस्त्रालय में भी आग की लपटों, धुएं और गर्मी से नुकसान हुआ।
दोनों दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और वायरिंग प्रभावित हुई, जबकि कपड़ों को भी क्षति पहुंची। इसके अलावा पास की लहठी दुकान भी आग की तपिश से प्रभावित हुई।
आग से प्रभावित दुकानदारों के अनुसार, दो प्रमुख दुकानों में ही करीब 55 लाख रूपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। अन्य दुकानों में हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है।
आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शार्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
