विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, झाझा थाने का चालक रिश्वत लेते गिरफ्तार

Published: Tue, 02 Jun 2026 05:02 PM (IST)

झाझा थाना के चालक जितेंद्र कुमार को निगरानी विभाग ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई दुर्गा मंदिर ...और पढ़ें

चालक को गिरफ्तार कर ले जाती निगरानी की टीम।

चालक को गिरफ्तार कर ले जाती निगरानी की टीम।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। झाझा थाना में कार्यरत चालक जितेंद्र कुमार को मंगलवार को निगरानी विभाग की टीम द्वारा रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

बताया जाता है कि पांच सदस्यीय निगरानी टीम ने शहर के दुर्गा मंदिर गली स्थित उनके निजी आवास पर कार्रवाई की और उन्हें अपने साथ लेकर जमुई की ओर रवाना हो गई।

बताया जाता है कि किसी मामले को दबाने के एवज में चालक द्वारा एक व्यक्ति से रुपये की मांग किए जाने की शिकायत निगरानी विभाग को मिली थी। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे सिविल ड्रेस में पहुंचे निगरानी विभाग के अधिकारियों ने शिकायतकर्ता को रुपये लेकर चालक के आवास पर भेजा।

जैसे ही रुपये का लेन-देन हुआ, टीम के सदस्य घर में प्रवेश कर गए और चालक को पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान चालक को तत्काल घर से बाहर लाकर वाहन में बिठा लिया गया। इस दौरान वह टीम के सदस्यों से अपनी बात रखने का प्रयास करता रहा, लेकिन अधिकारियों ने उसे अपने साथ ले लिया।

घटना की जानकारी मिलने पर चालक की पत्नी ने झाझा थाना को सूचना दी। सूत्रों की मानें तो हाल के दिनों में उलाई नदी से अवैध बालू उठाव को लेकर भी चालक का नाम चर्चाओं में रहा है। यह भी चर्चा है कि निगरानी विभाग को बालू उठाव से जुड़े लेन-देन की शिकायत प्राप्त हुई थी। यद्यपि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना के बाद झाझा थाना के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल बढ़ गई। यद्यपि, इस संबंध में कोई भी पुलिस अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।

वहीं, एसडीपीओ राजेश कुमार ने घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही है। निगरानी विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें- जमुई में दवा लेने बाजार जा रही विवाहिता का अपहरण, गांव के ही 10 लोगों पर केस दर्ज

यह भी पढ़ें- जमुई ADM कोर्ट का बड़ा फैसला, सिकंदरा में गैरमजरुआ जमीन की 24 अवैध जमाबंदी को किया रद