जमुई में दवा लेने बाजार जा रही विवाहिता का अपहरण, गांव के ही 10 लोगों पर केस दर्ज
जमुई के सिमुलतला में दवा लेने बाजार जा रही एक विवाहिता का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। इस मामले में ...और पढ़ें

दवा लेने बाजार जा रही विवाहिता का अपहरण, गांव के ही 10 लोगों पर केस दर्ज (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। सिमुलतला थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दवा लेने बाजार जा रही एक विवाहिता का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया।
घटना को लेकर अपहृता की मां के लिखित आवेदन पर सिमुलतला थाने में केस दर्ज किया गया है, जिसमें कुल 10 लोगों को नामजद किया गया है।
थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने बताया कि आवेदन के आलोक में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपहृता की सकुशल बरामदगी और आरोपितों की धरपकड़ के लिए लगातार छापामारी कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
घटना बीते सोमवार की सुबह करीब 10 बजे की है। पीड़िता मां ने आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री कुछ आवश्यक दवाइयां खरीदने के लिए सिमुलतला बाजार जा रही थी।
इसी दौरान रास्ते में गांव के ही गोपाल यादव के 18 वर्षीय पुत्र अंग्रेज कुमार ने उसका अपहरण कर लिया। बताया कि उनकी पुत्री की शादी कुछ समय पूर्व ही हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी और वह फिलहाल अपने मायके आई हुई थी।
पुत्री के अचानक गायब होने के बाद जब पीड़िता मां आरोपी अंग्रेज कुमार के घर पूछताछ करने गई, तो वहां मौजूद आरोपित के स्वजनों और दोस्तों ने उनके साथ बदसलूकी की।
आवेदन के मुताबिक, आरोपितों ने गंदी-गंदी गालियां दीं, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। लोक-लाज और डर के मारे पीड़ित परिवार पहले अपने स्तर पर काफी खोजबीन करता रहा। जब लड़की का कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तब थक-हारकर घटना के चार दिन बाद 29 मई को मां ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने मुख्य आरोपित अंग्रेज कुमार सहित अन्य आरोपितों गोपाल यादव, बिजली देवी, चंद्रशेखर यादव, अनिल यादव, शंकर यादव, गुड्डू कुमार, बुधनी देवी, पूजा कुमारी तथा संजू कुमारी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- जमुई ADM कोर्ट का बड़ा फैसला, सिकंदरा में गैरमजरुआ जमीन की 24 अवैध जमाबंदी को किया रद
यह भी पढ़ें- राखी बनी राज : बचपन की सहेली से शादी के लिए जेंडर परिवर्तन कर नया नाम लिया, जमुई की शिक्षिका नैंसी का वीडियो वायरल
