जमुई में जंगली सियार का आतंक, आधे घंटे में चार बच्चों समेत छह लोगों को काटकर किया घायल, लोग भागे
Jamui Jackal Attack : जमुई के टहवा बलियाडीह गांव में रविवार शाम एक सियार ने हमला कर चार बच्चों सहित ...और पढ़ें

Jamui Jackal Attack : जमुई के झाझा स्थित टहवा बलियाडीह गांव में चार माह बाद फिर सियार का आतंक
HighLights
जमुई के टहवा बलियाडीह गांव में सियार का हमला।
चार बच्चों सहित छह ग्रामीण हमले में हुए घायल।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के लिए कदम उठाने की मांग की।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। Jamui Jackal Attack : झाझा प्रखंड क्षेत्र के टहवा बलियाडीह गांव में चार माह बाद एक बार फिर जंगली जानवर के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। रविवार की शाम करीब छह बजे अचानक एक सियार गांव में घुस आया और बच्चों समेत छह लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, करीब आधे घंटे तक गांव में सियार का आतंक बना रहा, जिससे चारों ओर अफरातफरी मच गई।
चार बच्चों समेत छह लोगों को बनाया निशाना
सियार के इस हमले में चार बच्चे भी घायल हुए हैं। घायलों की पहचान इतशाम अंसारी (10), सनाउल अंसारी (5), अनास अंसारी (7), तौसीफ अंसारी (12), लालमोहन यादव और अलीम अंसारी के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को स्वजनों और ग्रामीणों की मदद से रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया गया।
चाय पीने निकले ग्रामीण और घर के बाहर खड़े बच्चों पर पीछे से किया वार
घायल अलीम अंसारी ने बताया कि वे शाम को घर से चाय पीने के लिए बाहर निकले थे, इसी दौरान पीछे से आए सियार ने उनके पैर में काट लिया। वहीं, लालमोहन यादव ने बताया कि वे गांव में मौजूद थे, तभी सियार ने पीछे से आकर उन पर हमला कर दिया। घायल बच्चों ने बताया कि वे अपने घरों के पास खड़े थे, तभी सियार ने उन पर झपट्टा मारकर शरीर के अलग-अलग हिस्सों में काटकर जख्मी कर दिया।
अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल भागा सियार, ग्रामीणों ने की सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि हमले के बाद सियार को पकड़ने और खदेड़ने के लिए गांव के लोगों ने काफी प्रयास किया, लेकिन वह शाम के अंधेरे का फायदा उठाकर पास के जंगल की ओर भाग निकला। चार महीने के अंतराल पर दोबारा हुई इस घटना से पूरे गांव में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जंगली जानवरों के संभावित हमले को देखते हुए गांव की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।