विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'इधर आइए, बड़ा बाबू बुला रहे हैं'... जमुई में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर शातिरों ने ग्रामीण से ठगी एक भर सोने की चेन

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:37 PM (IST)

Jamui Fake Police Chain Snatching Fraud News: जमुई के सिंगारपुर गांव में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर आए बदमाशों ने एक ...और पढ़ें

HighLights

  1. फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर बदमाशों ने की ठगी।

  2. पर्व के दौरान सुरक्षा का भय दिखाकर गहने लिए।

  3. सोने की चेन और लॉकेट नकली से बदला।

संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Fake Police Chain Snatching Fraud News: खैरा थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव में शुक्रवार की सुबह पुलिस अधिकारी बनकर पहुंचे शातिर बदमाशों ने पर्व के दौरान पुलिस की सख्ती और जांच का भय दिखाकर एक व्यक्ति से सोने की चेन और लॉकेट ठग लिए। बदमाशों ने पहले सुरक्षा का हवाला देकर गहने उतरवाए और फिर कागज में लपेटने के बहाने हाथ की सफाई दिखाते हुए नकली लॉकेट थमा दिया। पीड़ित के अनुसार, ठगी गई सोने की चेन और लॉकेट करीब एक भर के थे।

'इधर आइए, बड़ा बाबू बुला रहे हैं' कहकर पास बुलाया

सिंगारपुर गांव निवासी पीड़ित अनिल भगत (47), पिता राजकुमार भगत ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे वे नवडीहा एचपी पेट्रोल पंप से लगभग 300 मीटर की दूरी पर स्थित अपने घर के समीप सड़क किनारे काम कर रहे थे। इसी दौरान खैरा और जमुई की ओर से आवाज लगाकर उन्हें बुलाया गया और कहा गया कि "इधर आइए, बड़ा बाबू बुला रहे हैं।"

सहयोगियों से पहले गहने उतरवाकर जीता भरोसा, फिर थमाई नकली पुड़िया

पीड़ित के अनुसार, इसी बीच जमुई की ओर से पैदल आ रहे दो अन्य व्यक्तियों को भी वहां रोक लिया गया। इसके बाद दोनों ओर से बाइक सवार युवक पहुंचे और खुद को पुलिस प्रशासन से जुड़ा बताते हुए पर्व को लेकर क्षेत्र में सख्ती और सघन जांच का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और ऐसे माहौल में गले में सोने की चेन पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है।

Jamui Fake Police Fraud Gold Chain Swapped in Singarpur

शातिरों की बातों में आकर पहले दोनों पैदल व्यक्तियों ने अपनी-अपनी चेन उतार दी। यह देख अनिल भगत भी झांसे में आ गए और उन्होंने भी सोने का लॉकेट लगी अपनी चेन उतारकर दे दी। आरोप है कि बदमाशों ने सभी के गहने 'बड़ा बाबू' को दिखाने व देने की बात कही और उन्हें कागज में लपेटने का नाटक किया। इसी दौरान हाथ की सफाई से अनिल भगत को असली गहनों की जगह कागज में लिपटा नकली लॉकेट थमा दिया गया और दोनों बाइक सवार मौके से तेजी से फरार हो गए।

सुनियोजित गिरोह की आशंका, खैरा थाने में दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित अनिल भगत ने आशंका जताई है कि पैदल चल रहे वे दोनों व्यक्ति भी बदमाशों के गिरोह में ही शामिल थे और पूरी घटना को पहले से रची गई सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया। ठगी का पता चलने पर पीड़ित परिवार ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

इसके साथ ही खैरा थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की गई है। इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और पुलिस आसपास के इलाकों व संदिग्धों की छानबीन कर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- दंपती के झगड़े का खौफनाक अंत; मुंगेर में रेलकर्मी ने पत्नी की चाकू से गला रेतकर की हत्या, श्रीनिका व इशिका के सिर से उठा मां का साया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।