विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सूखे पत्तों से बनेगा धुआंरहित ईंधन; जमुई वन विभाग ने 21 लाख से लगाई ब्रिक्वेट मशीन, जंगल में आग व कटाई पर लगेगी लगाम

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:15 AM (IST)

Jamui Forest Department Briquette Machine: जमुई वन विभाग ने जंगलों में आग और अवैध कटाई रोकने के लिए 21 लाख ...और पढ़ें

Jamui Forest Department Briquette Machine: 21 लाख की ब्रिक्वेट मशीन से सूखे पत्तों से बन रहा धुआंरहित जलावन

Jamui Forest Department Briquette Machine: 21 लाख की ब्रिक्वेट मशीन से सूखे पत्तों से बन रहा धुआंरहित जलावन

HighLights

  1. जमुई वन विभाग ने 21 लाख की लागत से ब्रिक्वेट मशीन स्थापित की।

  2. सूखे पत्तों से धुआंरहित ईंधन बनाकर जंगल की आग रोकी जाएगी।

  3. कमजोर वर्ग को मुफ्त, सक्षम परिवारों को 5 रुपये में ईंधन।

संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Forest Department Briquette Machine: महुआ चुनने के मौसम में ग्रामीणों द्वारा जंगलों में लगाई जाने वाली आग और गर्मियों के दिनों में भड़कने वाली दावानल पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए जमुई वन विभाग ने एक क्रांतिकारी व पर्यावरण हितैषी पहल शुरू की है। जंगलों को आग की लपटों से बचाने और ग्रामीणों की जलावन की निर्भरता को वैकल्पिक ईंधन में बदलने के उद्देश्य से प्रायोगिक तौर पर जिला वन कार्यालय परिसर में आधुनिक 'ब्रिक्वेट मशीन' स्थापित की गई है।

बिहार के प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि 21 लाख रुपये की लागत से इस मशीन की खरीद कर इसे हाल ही में जमुई में क्रियान्वित किया गया है। बिहार का जमुई पहला ऐसा जिला बना है जहां वनों को आग से बचाने के लिए यह आधुनिक तकनीक अपनाई गई है। वर्तमान में यह तकनीक देश में केवल हिमाचल प्रदेश के कुल्लू व मनाली तथा पड़ोसी राज्य झारखंड के दुमका वन प्रभाग में ही कार्यरत है।

जमुई, झाझा और चकाई बने कलेक्शन सेंटर; 5000 ब्रिक्वेट तैयार

मशीन के सुचारू संचालन और कच्चे माल की नियमित आपूर्ति के लिए वन विभाग ने जमुई, झाझा और चकाई वन क्षेत्र कार्यालय परिसरों को प्रमुख पत्ता संग्रहण केंद्र (कलेक्शन सेंटर) के रूप में विकसित किया है। वन क्षेत्रों और सामान्य इलाकों से संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सहयोग से गिरे हुए सूखे पत्तों को एकत्र कर इन केंद्रों पर लाया जा रहा है।

कलेक्शन सेंटर से सूखे पत्तों को जिला मुख्यालय स्थित मशीन तक पहुंचाया जाता है, जहां पत्तियों को पीसकर बारीक पाउडर बनाकर उच्च दबाव में ब्रिक्वेट (ठोस ईंधन बट्टी) में ढाला जा रहा है। प्रारंभिक चरण में करीब 5,000 ब्रिक्वेट का सफल उत्पादन किया जा चुका है। यह मशीन औसतन प्रति घंटे 50 किलोग्राम से लेकर एक क्विंटल तक ठोस जलावन तैयार करने की क्षमता रखती है। तैयार एक ब्रिक्वेट का वजन लगभग 50 से 200 ग्राम के बीच होता है।

Jamui Forest Dept Installs Briquette Machine for Fire Prevention

कमजोर वर्ग को मुफ्त, सक्षम परिवारों को 5 रुपये में मिलेगा ईंधन

वन विभाग ने इस हरित ईंधन के सामाजिक वितरण की पारदर्शी नीति बनाई है। जंगल और उसके आसपास बसे आर्थिक रूप से कमजोर व निर्धन परिवारों को यह ब्रिक्वेट पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किया जाएगा, ताकि वे चूल्हा जलाने के लिए लकड़ी काटने जंगल न जाएं। वहीं, आर्थिक रूप से सक्षम ग्रामीणों को यह जलावन मात्र 5 रुपये प्रति पीस के हिसाब से उपलब्ध कराया जाएगा।

इस बिक्री से जो भी राजस्व प्राप्त होगा, उसका सीधा उपयोग स्थानीय वन प्रबंधन समितियों के सशक्तिकरण और जंगलों के रखरखाव व संवर्धन में किया जाएगा। आने वाले समय में इसके उत्पादन का दायरा व्यापक स्तर पर बढ़ाया जाएगा।

सोडियम सिलिकेट और लिगनिन से बनता है ठोस और धुआंरहित पैलेट

सूखे पत्तों से ब्रिक्वेट बनाने की वैज्ञानिक प्रक्रिया भी बेहद पर्यावरण अनुकूल है। पत्तियों के चूरे को मजबूत और ठोस आकार देने के लिए बाइंडिंग एजेंट के रूप में 'सोडियम सिलिकेट' का प्रयोग किया जाता है। यह अत्यंत किफायती, ईको-फ्रेंडली और नमीरोधी होता है।

इसके साथ ही, अत्यधिक दबाव और घर्षण (कंप्रेशन) के कारण सूखी पत्तियों में प्राकृतिक रूप से मौजूद 'लिगनिन' तत्व पिघलकर प्राकृतिक गोंद का रूप ले लेता है, जिससे पत्तियों का बुरादा ईंट या पैलेट की तरह ठोस आकार ग्रहण कर लेता है। निर्माण से पूर्व पत्तों को अच्छी तरह सुखाया जाता है, जिससे इसमें नमी शून्य के बराबर रह जाती है। इसी कारण यह सामान्य सूखी लकड़ी की तुलना में कहीं अधिक देर तक और बिना हानिकारक धुआं छोड़े जलता है।

रुकेगी अवैध कटाई, संरक्षित होंगे वन्यजीव और नवअंकुरित पौधे

वन अधिकारियों के अनुसार, आमतौर पर ग्रामीण जलावन की लकड़ी सुखाने के लालच में या महुआ के फूल साफ जमीन पर बीनने के लिए जंगल की झाड़ियों और पत्तों में आग लगा देते हैं। यह छोटी सी आग कई बार सैकड़ों हेक्टेयर में फैलकर बहुमूल्य वन संपदा को भस्म कर देती है।

इस नई पहल से जंगल की आग थमेगी, जिससे पेड़ों के नीचे बीजों से अंकुरित होने वाले नन्हे पौधे झुलसने से बच सकेंगे और जंगल का प्राकृतिक पुनर्जीवन सुरक्षित रहेगा। इसके साथ ही, दावानल से बेघर होने वाले वन्यजीवों, सरीसृपों और पक्षियों के प्राकृतिक वास को भी नया जीवन मिलेगा।

यह भी पढ़ें- विदेशी परिंदों से गुलजार भागलपुर: जिले में मिले राज्य में सबसे अधिक 23268 पक्षी, नवगछिया का घटोरा बना नंबर-1 वेटलैंड

"मशीन के माध्यम से सूखी पत्तियों से ब्रिक्वेट तैयार करके ग्रामीणों को सस्ते दर पर उपलब्ध कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। जल्द ही इसे जिले भर में समुचित और व्यापक रूप से मूर्तरूप दिया जाएगा, ताकि वनों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।"

-

— अरविंद सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, बिहार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।