जमुई में आधी रात को भीषण अगलगी! फुटपाथ की 4 दुकानें जलकर खाक, लाखों की संपत्ति नष्ट; पटाखों से हुआ सब स्वाहा
Jamui Khaira Fire Incident: जमुई के खैरा में रविवार देर रात भीषण आग लगने से फुटपाथ पर स्थित चार दुकानें ...और पढ़ें

Jamui Khaira Fire Incident: जमुई के खैरा में आधी रात को भीषण अगलगी, फुटपाथ की चार दुकानें जलकर राख
HighLights
जमुई के खैरा में देर रात भीषण आग लगी।
फुटपाथ पर स्थित चार दुकानें पूरी तरह जलकर राख।
लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Khaira Fire Incident: जमुई जिले के खैरा प्लस टू उच्च विद्यालय मैदान के समीप रविवार की देर रात अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। इस अगलगी में फुटपाथ पर स्थित चार दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, घटना में फल, सब्जियां और दुकानों के अन्य साजो-सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण और रोजी-रोटी का गहरा संकट खड़ा हो गया है।
देर रात तीन बजे उठीं लपटें, मची अफरातफरी
घटना के संबंध में बताया जाता है कि देर रात करीब तीन बजे दुकानों से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक लपटों ने विकराल रूप ले लिया और एक-एक कर आसपास की चारों दुकानों को अपनी जद में ले लिया। आधी रात को आग की भीषण लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन इसकी सूचना खैरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल पानी के टैंकर के साथ तत्काल मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकानों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था।
फल और सब्जी की दुकानें स्वाहा, लाखों का नुकसान
इस भीषण अग्निकांड में स्थानीय दुकानदार ब्रजनंदन साव, अशोक साव और रोकी कुमार की दो फल और दो सब्जी की दुकानें पूरी तरह तबाह हो गईं। पीड़ितों ने रोते हुए बताया कि बिक्री के लिए मंगवाए गए ताजे फल और सब्जियों के अलावा प्लास्टिक के कैरेट, लकड़ी की चौकियां, बांस की टोकरियां और झोपड़ीनुमा ढांचा सब कुछ जलकर कोयला बन गया। इस हादसे ने छोटे व्यवसायियों की गाढ़ी कमाई एक ही झटके में छीन ली है।
पटाखों की चिंगारी या साजिश? जांच में जुटी पुलिस
अगलगी के वास्तविक कारणों को लेकर इलाके में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि दीपावली के दौरान छोड़े गए किसी पटाखे की चिंगारी उड़कर दुकानों के छप्पर पर गिरी होगी, जिससे आग भड़की।
वहीं, कुछ पीड़ित दुकानदारों ने किसी असामाजिक तत्व द्वारा जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका भी व्यक्त की है। फिलहाल खैरा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आग लगने के सही कारणों की पड़ताल में जुट गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।