विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई : ई-रिक्शा में बैटरी ब्लास्ट; धू-धू कर जली गाड़ी, इंटर की छात्रा बुरी तरह झुलसी; कान में ईयरफोन लगाए भागा ड्राइवर

Published: Fri, 09 Oct 2026 11:26 AM (IST)

Jamui E Rickshaw Battery Blast: जमुई में एक चलती ई-रिक्शा की बैटरी में धमाका होने से भीषण आग लग गई, ...और पढ़ें

HighLights

  1. जमुई में चलती ई-रिक्शा में बैटरी ब्लास्ट से आग लगी।

  2. कोचिंग से लौट रही छात्रा नेहा कुमारी बुरी तरह झुलसी।

  3. ईयरफोन लगाए चालक चेतावनी अनसुनी कर मौके से फरार।

संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui E Rickshaw Battery Blast: जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया। डॉ. नीरज साह के क्लिनिक के पास सुबह करीब 9:30 बजे सवारियों से भरी एक चलती ई-रिक्शा की बैटरी में अचानक जोरदार धमाका (ब्लास्ट) हो गया।

धमाके के साथ ही ई-रिक्शा में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। इस अगलगी में कोचिंग पढ़कर घर लौट रही इंटर की एक छात्रा बुरी तरह झुलस गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अत्यंत नाजुक स्थिति में पटना रेफर कर दिया गया है। वहीं, घटना के तुरंत बाद लापरवाह ई-रिक्शा चालक सवारियों को जलती गाड़ी में छोड़कर मौके से फरार हो गया।

jamui erickshaw battery blast two students injured one critical

कान में ईयरफोन लगाए था चालक

प्रत्यक्षदर्शियों व घायलों के अनुसार, जमुई बाजार से कोचिंग की पढ़ाई पूरी कर तीन छात्राओं सहित आधा दर्जन से अधिक यात्री ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने गांव भगवाना की ओर लौट रहे थे। ई-रिक्शा जैसे ही महिसौड़ी चौक को पार कर आगे बढ़ी, तभी उसके निचले हिस्से (बैटरी कंपार्टमेंट) से धीरे-धीरे धुआं निकलने लगा।

छात्राओं की गुहार की अनसुनी

ई-रिक्शा से उठता धुआं देखकर सवार छात्राओं ने चालक को तुरंत गाड़ी रोकने के लिए शोर मचाया। लेकिन चालक अपने कानों में ईयरफोन लगाए हुए था और उसने यात्रियों की बार-बार दी जा रही चेतावनी को पूरी तरह अनसुना कर दिया और गाड़ी को आगे बढ़ाता रहा। नतीजतन, कुछ ही दूरी पर डॉ. नीरज साह के क्लिनिक के समीप पहुंचते ही तेज आवाज के साथ बैटरी फट गई और पूरी गाड़ी आग की लपटों से घिर गई।

मौके पर मची चीख-पुकार, एक छात्रा पटना रेफर

सरेराह चलती गाड़ी में आग की भयानक लपटें उठते ही सड़क पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। राहगीर और स्थानीय दुकानदार बिना अपनी जान की परवाह किए सवारियों को बचाने दौड़े। हालांकि, जब तक पिछली सीट पर बैठी छात्रा को बाहर निकाला जाता, तब तक वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस चुकी थी।

स्थानीय लोगों की मदद से एक छात्रा को तुरंत पास के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरी गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को सदर अस्पताल ले जाया गया। सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने छात्रा की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

रेफर हुई छात्रा की पहचान सदर प्रखंड क्षेत्र के भगवाना गांव निवासी मनोहर महतो की 20 वर्षीया पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, निजी क्लिनिक में भर्ती दूसरी छात्रा भगवाना गांव निवासी मनोहर यादव की पुत्री अंजनी कुमारी है, जिसकी हालत फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर बताई गई है।

Jamui E-Rickshaw Battery Blast Two Students Injured One Critical (1)

दमकल ने बुझाई आग

ई-रिक्शा में आग इतनी तेज थी कि स्थानीय लोगों के शुरुआती प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल (दमकल) ने मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। हादसे की सूचना पर जमुई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। हादसे के वक्त कान में ईयरफोन लगाकर गाड़ी चलाने और सवारियों को संकट में छोड़कर भागने वाले अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। 

यह भी पढ़ें- जमुई में बोरा ले जाने से इनकार करने पर ऑटो चालक को घेरकर पीटा, लाठी-डंडों से हमला कर छीने रुपये

यह भी पढ़ें- जमुई में एडीएम की गाड़ी से बाइक सवार कंपाउंडर घायल; सदर अस्पताल में गाड़ी घेरकर स्वजन का हंगामा, FIR का आश्वासन