जमुई में बोरा ले जाने से इनकार करने पर ऑटो चालक को घेरकर पीटा, लाठी-डंडों से हमला कर छीने रुपये
जमुई के झाझा थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक को सामान से भरा बोरा ले जाने से इनकार करने पर ...और पढ़ें

ऑटो चालक को घेरकर पीटा
HighLights
बोरा ले जाने से मना करने पर ऑटो चालक की पिटाई।
पांच लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर रुपये छीने।
घायल चालक सदर अस्पताल रेफर, पुलिस आरोपियों की तलाश में।
संवाद सूत्र, बोड़वा(जमुई)। झाझा थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव के समीप शुक्रवार की देर रात आटो में सामान से भरा बोरा ले जाने से इनकार करना चालक को भारी पड़ गया। पांच लोगों ने चालक को रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल की पहचान बेलाटांड़ गांव निवासी आटो चालक दिलीप यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बगलगीर गांव निवासी जहांगीर ने चालक दिलीप से अपने वाहन पर एक बोरा रखकर ले जाने को कहा था। दिलीप को बोरे में रखे सामान को लेकर संदेह हुआ। इसी कारण उसने उसे ले जाने से मना कर दिया। इसके बाद वह दूसरे यात्री को लेकर आगे बढ़ गया।
सामान व रुपया भी छीन लिया
पीड़ित ने बताया कि कुछ दूरी पर जहांगीर के बेटे समेत पांच लोगों ने उसे रोक लिया। इस क्रम में आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस दौरान सामान व रुपया भी छीन लिया गया।
घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। यहां से स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाबत थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। रात भर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- जमुई में बेटे की पिटाई का विरोध करने पर महिला की बेरहमी से पिटाई, साड़ी खींची और दीवार से पटका सिर
