विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में बेटे की पिटाई का विरोध करने पर महिला की बेरहमी से पिटाई, साड़ी खींची और दीवार से पटका सिर

Published: Sat, 03 Oct 2026 06:57 PM (IST)

जमुई में बेटे को झाड़ू से पीटने का विरोध करने पर एक महिला को बेरहमी से पीटा गया, उसकी साड़ी खींची गई और सिर दीवार में पटक दिया गया।

जमुई में बेटे की पिटाई का विरोध करने पर महिला की बेरहमी से पिटाई (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

जमुई में बेटे की पिटाई का विरोध करने पर महिला की बेरहमी से पिटाई (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. बेटे को पीटने का विरोध करने पर महिला पर हमला।

  2. आरोपी ने महिला की साड़ी खींची, सिर दीवार में पटका।

  3. पीड़िता के सोने के गहने छीने, जान से मारने की धमकी।

संवाद सहयोगी, जमुई। आठ वर्षीय बेटे को सड़क पर झाड़ू से पीटने का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। आरोप है कि आरोपित ने शाम में बथान पर महिला को पकड़कर साड़ी खींची और बचने के लिए घर में भागने पर उसका बाल पकड़कर सिर दीवार में पटक दिया। 

मारपीट में महिला के माथे और कान में चोट आई है। बीचबचाव के दौरान आरोपित पर सोने के झुमके और चेन छीनने का भी आरोप है। मामले में पीड़िता के आवेदन पर खैरा थाना में केस दर्ज किया गया है।

सड़क पर झाड़ू से मारपीट की

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 29 सितंबर की सुबह करीब सात बजे अरविंद रावत उर्फ महंगी रावत ने उसके आठ वर्षीय पुत्र को सड़क पर झाड़ू से मारपीट की। हल्ला सुनकर पति बचाने पहुंचे तो आरोपित ने उन्हें भी लाठी से मारने के लिए दौड़ाया। इसके बाद शाम करीब चार बजे वह बथान पर गाय को चारा देने गई थी। 

वहां अरविंद रावत ने उसे गलत नीयत से पकड़कर साड़ी खींच दी। इज्जत बचाने के लिए वह घर की ओर भागी, लेकिन आरोपित वहां भी पहुंच गया और बाल पकड़कर सिर दीवार में पटक दिया। 

पीड़िता के माथे और कनपटी में चोट आई

आवेदन में बताया गया है कि मारपीट के दौरान पीड़िता के माथे और कनपटी में चोट आई। इसी दौरान आरोपित ने पीड़िता के कान का करीब सात ग्राम का सोने का झुमका और एक भर वजन की सोने की चेन छीन ली। पीड़िता ने गहनों की कीमत करीब 89 हजार रुपये बताई है। 

आवेदन में पीड़िता ने अरविंद रावत के पुत्र नीतीश कुमार पर फोन कर केस करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। इस बाबत थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर खैरा थाना में केस दर्ज किया है। मामले की जांच एसआइ रश्मि रंजन को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- जमुई: किऊल नदी में अवैध बालू खनन पर पुलिस का शिकंजा, 2 ट्रैक्टर जब्त; नदी में कूदकर भागे ड्राइवर