विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘साहब, हमारे घर कद्दू-भात खाने आए हैं...’ ब‍िहार के जमुई में DM-SP को अपने आंगन में देख रो पड़ी वृद्ध छठ व्रती

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:38 PM (IST)

Jamui Maoist Free Village DM SP Kharna Chhath Bihar: जमुई के डीएम और एसपी ने छठ महापर्व के नहाय-खाय के ...और पढ़ें

Jamui Maoist Free Village DM SP Kharna Chhath Bihar: जमुई के कभी माओवाद प्रभावित रहे सुदूरवर्ती गुरमाहा गांव में डीएम-एसपी ने जमीन पर बैठकर खाया नहाय-खाय का महाप्रसाद

Jamui Maoist Free Village DM SP Kharna Chhath Bihar: जमुई के कभी माओवाद प्रभावित रहे सुदूरवर्ती गुरमाहा गांव में डीएम-एसपी ने जमीन पर बैठकर खाया नहाय-खाय का महाप्रसाद

HighLights

  1. जमुई डीएम-एसपी ने गुरमाहा गांव में छठ व्रतियों संग प्रसाद ग्रहण किया।

  2. माओवाद प्रभावित क्षेत्र में अधिकारियों की उपस्थिति से ग्रामीणों में खुशी।

  3. प्रशासन ने सुरक्षा, विकास, समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।

संवाद सूत्र, जमुई (बरहट)। ‘साहब, हमारे घर कद्दू-भात खाने आए हैं...’ यह कहते हुए एक वृद्ध व्रती महिला की आंखें भर आईं और गला रुंध गया। लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर कभी माओवाद प्रभावित रहे बरहट प्रखंड के सुदूरवर्ती गुरमाहा गांव में एक बेहद भावुक और सुखद तस्वीर देखने को मिली।

जमुई के जिलाधिकारी (डीएम) नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल अपनी पत्नी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस अति संवेदनशील गांव पहुंचे। उन्होंने बिना किसी तामझाम या औपचारिकता के छठ व्रतियों के घरों में जमीन पर बैठकर कद्दू-भात का महाप्रसाद ग्रहण किया।

जहां पहले सूर्यास्त के बाद पसर जाता था सन्नाटा, वहां अब उमड़ा भारी उत्साह

एक समय था, जब इस दुर्गम और माओवाद प्रभावित गांव में सूर्यास्त के बाद सन्नाटा पसर जाता था और सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में हमेशा भय का माहौल रहता था। लेकिन शुक्रवार को जब प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला यहां पहुंचा, तो ग्रामीणों में एक अलग ही उत्साह और खुशी देखी गई। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी (कद्दू-भात) का महाप्रसाद तैयार किया था। अधिकारी बिना किसी प्रोटोकॉल के ग्रामीणों के सीधे आंगन में पहुंचे और उनके साथ जमीन पर बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

Jamui DM SP Share Chhath Prasad in Former Maoist Village (1)

अधिकारियों को अपने कच्चे आंगन में देखकर वृद्ध व्रती महिला भावुक हो गईं। उन्होंने भर्राए गले से कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिले के इतने बड़े अधिकारी उनके घर आकर इस तरह भोजन करेंगे। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले इस रास्ते पर पुलिस की गाड़ी आने से भी लोग सहम जाते थे, लेकिन आज अधिकारी हमारे आंगन में हमारे साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

महाप्रसाद के बाद गांव के चौक पर लगी चौपाल, व्रतियों को बांटी पूजन सामग्री

महाप्रसाद ग्रहण करने के बाद डीएम और एसपी ने गांव के चौक पर ग्रामीणों के साथ खुली चौपाल लगाई और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र को माओवाद से मुक्त कराने के बाद अब यहां शांति और सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ विकास कार्यों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी।

अधिकारियों ने गांव के लोगों को सड़क, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी हर समस्या के त्वरित समाधान का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने भी बिना किसी डर के खुलकर अपनी बातें और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

Jamui DM SP Share Chhath Prasad in Former Maoist Village (2)

इस विशेष अवसर पर अधिकारियों द्वारा छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण भी किया गया, जिससे त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गईं। इस ऐतिहासिक और संवेदनात्मक कार्यक्रम में डीडीसी शिप्रा विजय कुमार चौधरी, एसडीओ सौरव कुमार, डीटीओ सुनील कुमार, डीपीआरओ डॉ. मेनका कुमारी, बीडीओ अनिल मिस्त्री, सीओ मयंक अग्रवाल, मुखिया प्रतिनिधि श्रीकांत यादव और थानाध्यक्ष कुमार संजीव सहित जिले के दर्जनों अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- अंगराज कर्ण की स्मृति संजोए है कर्णगढ़; भागलपुर में मिले महाभारत काल के अवशेष, फ्रांसिस गजेटियर और ASI रिपोर्ट में प्रमाण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।