Chhath Puja: छठ गीतों से गूंज उठा जमुई, आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती; बाजारों में उमड़ी भारी भीड़
जमुई में छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे, जिसके लिए घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
HighLights
व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।
छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में, बाजार गुलजार।
छठ गीतों से जमुई का माहौल भक्तिमय बना हुआ।
संवाद सहयोगी, जमुई। लोकआस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को जिले भर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।
व्रती संध्या में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना करेंगे। छठ घाटों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
बाजारों में फलों की खरीदारी तेज है। सुबह से ही फल दुकानों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। पूजा में चढ़ाए जाने वाले केला, नारियल, सेब, संतरा, अनार, मौसमी और गन्ने की खूब बिक्री हो रही है।
बाजार में जगह-जगह फल की अस्थायी दुकानें सजी हैं। दउरा और सूप में सजाने के लिए श्रद्धालु अपनी जरूरत के अनुसार फल खरीद रहे हैं। छठ को लेकर बाजार में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों के चेहरे भी खिले हैं।
छठ गीतों से भक्तिमय बना है माहौल
छठ को लेकर जिले में भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है। शहर से लेकर गांवों तक छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। घरों में महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गाकर छठी मइया और भगवान भास्कर की आराधना कर रही हैं। वहीं, बाजारों और चौक-चौराहों पर भी छठ गीतों की धुन वातावरण को भक्तिमय बना रही है।
'केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल', 'कांच ही बांस के बहंगिया' और 'पहिले-पहिले छठी मइया' जैसे पारंपरिक गीतों से माहौल पूरी तरह छठमय हो गया है।
इन गीतों में लोक संस्कृति, आस्था, प्रकृति और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना झलकती है। नई पीढ़ी भी पारंपरिक छठ गीतों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ रही है। छठ गीतों की मधुर धुन के बीच व्रतियों और श्रद्धालुओं में महापर्व को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है।
तैयारी को दिया जा रहा अंतिम रूप
छठ को लेकर जहां आम लोग और युवा अपने स्तर से घाटों की साफ-सफाई और सजावट में जुटे हैं, वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
-1794717566793.webp)
छठ घाट पर बना सेल्फी प्वाइंट।
छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए घाटों की सफाई, पहुंच पथ की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर प्रशासनिक सक्रियता बढ़ी हुई है।
संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों द्वारा घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने का अवसर मिले।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।