225 साल पुरानी पेंटिंग में छठ की झलक, पटना के गुमनाम कलाकार की कृति लंदन में सुरक्षित
पटना कलम शैली की एक 225 साल पुरानी पेंटिंग, जिसमें गंगा किनारे धार्मिक अनुष्ठान करती महिलाएं दिखती हैं, ब्रिटिश लाइब्रेरी ...और पढ़ें

पटना कलम शैली में बनी छठ पर अनमोल पेटिंग ब्रिटिश लाइब्रेरी में है संरक्षित।सौ : बिहार संग्रहालय
जागरण संवाददाता, पटना। Chhath 2026: गंगा का किनारा, हाथों में फल और नदी के सामने श्रद्धा से नतमस्तक महिलाएं। दृश्य देखते ही छठ महापर्व की तस्वीर आंखों के सामने उभर आती है।
लेकिन यह किसी मौजूदा छठ घाट की तस्वीर नहीं, बल्कि करीब 225 साल पुरानी एक पेंटिंग है। इसमें बिहार की लोक आस्था और धार्मिक परंपराओं की ऐसी झलक मिलती है, जो आज भी लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती है।
पटना कलम शैली में बनी इस पेंटिंग को एक अज्ञात कलाकार ने 1795 से 1800 के बीच तैयार किया था। आज यह ऐतिहासिक कलाकृति लंदन की ब्रिटिश लाइब्रेरी में सुरक्षित है।
चैत फेस्टिवल के नाम से दर्ज है पेंटिंग
दिलचस्प बात यह है कि तस्वीर में गंगा किनारे फल लेकर धार्मिक अनुष्ठान करती महिलाओं का दृश्य छठ की परंपराओं से मिलता-जुलता है, लेकिन ब्रिटिश लाइब्रेरी के अभिलेख में इसे 'चैत फेस्टिवल' नाम से दर्ज किया गया है।
पेंटिंग में महिलाएं पूजा की सामग्री और फल लेकर नदी के किनारे एकत्र हैं। उनके भाव और अनुष्ठान का दृश्य नदी के प्रति श्रद्धा और सामूहिक आस्था को दर्शाता है।
करीब ढाई शताब्दी पहले कलाकार ने जिस दृश्य को रंगों में उतारा था, वह आज भी बिहार की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं की याद दिलाता है।
हालांकि, इसे छठ का चित्र मानने के बजाय छठ जैसी परंपराओं की झलक दिखाने वाली कलाकृति कहना अधिक उचित होगा।
कैमरे से पहले कलाकारों की कूची दर्ज करती थी समाज की तस्वीर
आज किसी पर्व, आयोजन या सामाजिक गतिविधि को कैमरे और मोबाइल से आसानी से सहेजा जा सकता है। लेकिन करीब ढाई सौ साल पहले कलाकारों के रंग और कूची ही समाज की जिंदगी को दर्ज करने का माध्यम थे।
पटना कलम शैली की खासियत भी यही थी कि इसमें राजदरबार और राजा-महाराजाओं के वैभव के बजाय आम लोगों के जीवन को प्रमुखता दी जाती थी।
इस शैली के कलाकार बाजार, कामकाज, पहनावे, पर्व-त्योहार, धार्मिक अनुष्ठान और रोजमर्रा की गतिविधियों को बारीकी से चित्रित करते थे।
गंगा किनारे महिलाओं के धार्मिक आयोजन को दर्शाती यह पेंटिंग भी उसी परंपरा का हिस्सा है। इसमें केवल एक अनुष्ठान का दृश्य नहीं, बल्कि उस दौर के सामाजिक जीवन, महिलाओं के पहनावे और पूजा-पद्धति की झलक भी मिलती है।
कलाकार का नाम गुम, कृति पहुंची लंदन
इस पेंटिंग को बनाने वाले कलाकार का नाम इतिहास में दर्ज नहीं है। यह उन आठ पेंटिंग्स में शामिल है, जिन्हें ब्रिटिश अधिकारी एफ्राइम पोट ने एलिजाबेथ कालिन्स को भेंट किया था।
बाद में चार जून 1959 को ब्रिटिश लाइब्रेरी ने इस संग्रह को खरीद लिया। तभी से यह कलाकृति वहां संरक्षित है।
पटना की धरती पर बनी यह पेंटिंग आज हजारों किलोमीटर दूर लंदन में भारतीय कला और बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं की कहानी कह रही है।
कलाकार भले ही गुमनाम रह गया, लेकिन उसकी कूची से निकला दृश्य समय की सीमाओं को पार कर आज भी जीवित है।
पटना कलम की विरासत बचाने की चुनौती
पटना कलम कभी बिहार की विशिष्ट कलात्मक पहचान हुआ करती थी। इस शैली के कलाकारों ने अपने चित्रों के माध्यम से तत्कालीन समाज का ऐसा दृश्य दस्तावेज तैयार किया, जो आज इतिहासकारों और कला प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण है।
समय के साथ इस कला का दायरा सिमटता गया। सीमित बाजार, संरक्षण की कमी और नई पीढ़ी की घटती दिलचस्पी इसके सामने चुनौतियां बन गईं।
हालांकि, कुछ संस्थान और कलाकार पटना कलम शैली को फिर से पहचान दिलाने के प्रयास में जुटे हैं। बिहार और पटना संग्रहालय में भी इस शैली की पेंटिंग संरक्षित हैं।
गंगा किनारे महिलाओं की आस्था को दर्शाती यह पुरानी कलाकृति बताती है कि कला केवल सौंदर्य का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति की स्मृतियों को सहेजने का जरिया भी है।
पीढ़ियां बदलती हैं, समय बदलता है, लेकिन लोक आस्था और परंपराओं से जुड़े दृश्य इतिहास में अपनी जगह बनाए रखते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।