जमुई में गोलीबारी कर भाग रहे तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा, पिटाई से एक की छाती टूटी
जमुई के प्रतापपुर गांव में मामूली विवाद के बाद गोलीबारी हुई, जिसमें ग्रामीणों ने भाग रहे तीन युवकों को पकड़कर पीटा। पिटाई से एक युवक की छाती में फ्रैक्चर हो गया, जिसे पटना रेफर किया गया है; पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा (सौ. जागरण)
HighLights
जमुई में मामूली विवाद गोलीबारी में बदला, तीन पकड़े गए।
ग्रामीणों की पिटाई से एक युवक की छाती में फ्रैक्चर।
पुलिस हिरासत में तीनों युवक, मामले की गहन जांच जारी।
संवाद सहयोगी, जमुई। टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव स्थित शिव मंदिर के सामने मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गई, फिर मारपीट व गोलीबारी करने के आरोप में ग्रामीणों ने खदेड़कर तीन युवकों को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी गई।
इसके बाद तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया, हालांकि घटना स्थल से खोखा या युवक के पास से हथियार बरामद नहीं हो पाया है। पुलिस ने तीनों युवकों का सदर अस्पताल में इलाज कराया, जहां एक युवक के छाती में फ्रैक्चर रहने की वजह से उसे पटना रेफर कर दिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के काकन बेलदरिया गांव निवासी महेश चौहान के पुत्र प्रेम कुमार, काकन निवासी सचिन कुमार और ढंड गांव निवासी सकिन्द्र राम के पुत्र गौरव कुमार के रूप में हुई है, जिसमें रेफर हुए प्रेम कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।
भागते हुए गोलीबारी करने लगे
पीड़ित कपिल यादव ने बताया कि वह सेंट्रल जेल से अपने घर प्रतापपुर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के शिव मंदिर के सामने तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और बाइक लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।

घायल बदमाश को अस्पताल ले जाती पुलिस (सौ. जागरण)
इसी बीच ग्रामीणों को आता देख आरोपित भागने लगे। ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य युवक मड़वा पहाड़ की ओर भागते हुए गोलीबारी करने लगे।
पुलिस और ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा
भागते हुए दोनों युवक सोनय मड़वा होते हुए ढंड गांव पहुंचे, जहां डायल 112 की पुलिस और ग्रामीणों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। मड़वा पहाड़ के समीप ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी संतोष कुमार ने बताया कि युवकों के भागने और गोली चलाने की सूचना पर खेतों में खदेड़कर दोनों को पकड़ा गया। इस दौरान घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
पानी भरे गड्ढे में गिरा देशी कट्टा, साथी को छुड़ाने में की गोलीबारी
गिरफ्तार युवकों की माने तो वे लोग कुंदर डैम की ओर से घर लौट रहे थे। पीछे से बाइक का हार्न बजाया गया था, लेकिन वे लोग नहीं सुन पाए और कहा- सुनी हो गई, फिर मारपीट शुरू हो गई, इस दौरान प्रेम कुमार को पकड़ लिया गया और दोनों दो राउंड गोलीबारी कर भागने लगे।

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस (सौ. जागरण)
इस दौरान पानी के गड्ढे में सचिन कुमार गिर गया और हथियार भी पानी में गिर गया, जिससे हथियार नहीं मिला। प्रेम कुमार को छुड़ाने के लिए सचिन ने गोलीबारी की थी।
ढूंढने के बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लगी हथियार व कारतूस
सूचना मिलने पर टाउन थाना के दरोगा विक्रम सिंह, विशाल कुमार, सुनील शाह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर गोली का खोखा और हथियार की खोजबीन का प्रयास किया, लेकिन न खोखा बरामद हुआ और न ही हथियार का कोई सुराग मिला है।
पूर्व में भी जेल जा चुका है सचिन और प्रेम
ग्रामीण गनौरी यादव ने आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले भी कपिल यादव के भाई बंटी यादव के साथ छिनतई का प्रयास किया गया था, जिसमें सचिन महतो और प्रेम कुमार जेल गए थे। जेल से निकलने के बाद दोबारा घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।
वहीं पूरे मामले को लेकर जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि लखन धनामा गांव में हार्वेस्टिंग मशीन को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी की घटना हुई थी। मामले में एफआईआर भी दर्ज कर लिया गया है। दूसरी ओर आज प्रतापपुर गांव के पास गोलीबारी की घटना हुई है। हमलोग पूरे मामले की छानबीन कर रहे है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। - विश्वजीत दयाल, एसपी जमुई
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।