विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोना-चांदी ने बिगाड़ा बजट, जमुई में धनतेरस से पहले ही बुक हो गईं 250 बाइक्स, बर्तन बाजार भी गुलजार

Published: Thu, 05 Nov 2026 03:39 PM (IST)

जमुई और खैरा में धनतेरस-दीपावली के लिए बाजार सजकर तैयार हैं, लेकिन सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों ने ग्राहकों का बजट बिगाड़ दिया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।

HighLights

  1. ज्वेलरी, बाइक, बर्तन की दुकानें धनतेरस के लिए सजीं।

  2. सोने-चांदी की ऊंची कीमतों ने ग्राहकों का बजट बिगाड़ा।

  3. धनतेरस पर बिक्री बढ़ने की उम्मीद कर रहे कारोबारी।

संवाद सहयोगी, जमुई। धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजार सजकर तैयार है। ज्वेलरी, बाइक, बर्तन, इलेट्रॉनिक्स, पटाखे और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कारोबारियों ने विशेष तैयारी की है।

हालांकि, त्योहार से ठीक पहले बाजार में ग्राहकों की अपेक्षित भीड़ नहीं दिख रही है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के दिन बाजार में खरीदारों की चहल-पहल बढ़ेगी और बिक्री में तेजी आएगी।

दूसरी ओर, सोना-चांदी की आसमान छूती कीमतों ने आम लोगों के खरीदारी का बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई के कारण लोग जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी की योजना बना रहे हैं।

आभूषण बाजार में इस बार महंगी कीमतों का असर साफ दिख रहा है। कीमतों में लगातार तेजी के कारण ग्राहकों को खरीदारी से पहले अपने बजट का हिसाब लगाना पड़ रहा है।

बेला गांव निवासी शिक्षक संतोष कुमार अपनी बेटी की शादी के लिए धुनुषधारी वर्मा ज्वेलर्स में आभूषण खरीद रहे थे। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी के लिए सोने के आभूषण खरीदना जरूरी है, लेकिन कीमतों में भारी बढ़ोतरी से बजट काफी बढ़ गया है। चांदी भी महंगी हो गई है। ऐसे में जरूरत के मुताबिक ही आभूषण खरीदने की योजना बनानी पड़ रही है।

250 बाइक की हो चुकी है बुकिंग

वाहन बाजार में धनतेरस को लेकर विशेष उत्साह है। यमाहा शोरुम के संचालक सौरभ कुमार ने बताया कि धनतेरस को लेकर अब तक 250 बाइक की बुकिंग हो चुकी है।

ग्राहकों की मांग को देखते हुए शोरूम में पर्याप्त वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है। धनतेरस के दिन बुकिंग के साथ नई गाड़ियों की डिलीवरी के लिए भी विशेष व्यवस्था रहेगी।

बर्तन बाजार में भी सजा सामान

धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा को देखते हुए दुकानदारों ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। बाजार की दुकानों में स्टील, पीतल, तांबा और अन्य धातुओं के बर्तनों के साथ घरेलू उपयोग की कई तरह की सामग्री उपलब्ध है।

बर्तन कारोबारी मनोज ने बताया कि ग्राहकों की पसंद और जरूरत को ध्यान में रखकर नए सामान का स्टाक मंगाया गया है। धनतेरस के दिन अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

खैरा में भी महंगाई से कारोबार प्रभावित

धनतेरस और दीपावली को लेकर खैरा बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है। कपड़ा, रेडीमेड, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोटरसाइकिल और बर्तन की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई है।

हालांकि, बढ़ती महंगाई के कारण कारोबारियों को इस बार बिक्री प्रभावित होने की आशंका सता रही है। त्योहार को लेकर दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाया है।

सजावटी सामान की दुकानों पर भी रंग-बिरंगी लाइट, झालर, दीप, तोरण और बंदनवार की भरमार है। दुकानदारों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली के दिन बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ेगी और कारोबार में तेजी आएगी।

यह भी पढ़ें- सोना-चांदी ही नहीं, धनतेरस पर झाड़ू, धनिया और कौड़ी खरीदने से भी घर आती हैं मां लक्ष्मी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।