जमुई-लखीसराय मार्ग पर 2 बाइकों में हुई टक्कर, दुर्गा पूजा पर घर आए पुलिस जवान की मौत
जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर मनीअड्डा के पास दो बाइकों की भीषण टक्कर में झारखंड पुलिस के जवान राकी सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई।

HighLights
जमुई में दो बाइकों की टक्कर में पुलिस जवान की मौत।
झारखंड पुलिस के जवान राकी सिंह ने गंवाई जान।
मनीअड्डा के पास हुई दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल।
संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर मनीअड्डा के पास सोमवार की सुबह तेज रफ्तार दो बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में घायल हुए दो लोगों में से एक पुलिस जवान की इलाज के दौरान करीब दो घंटे बाद सदर अस्पताल में मौत हो गई, जबकि घायल दूसरे व्यक्ति की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, इसके बाद सदर अस्पताल पहुंची पुलिस द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी कर मृतक पुलिस जवान के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शव को स्वजन के हवाले कर दिया गया।
मृतक पुलिस जवान की पहचान शहर के सिरचंद नवादा मोहल्ला स्थित आनंद विहार कॉलोनी निवासी उमाशंकर सिंह के 44 वर्षीय पुत्र राकी सिंह के रूप में हुई है और घायल की पहचान मंटू तांती के रूप में हुई है।
पुलिस जवान की मौत के बाद देखने के लिए सदर अस्पताल में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। मौत की सूचना पर परिवार वालों के बीच कोहराम मच गया।

स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों की चीख और चीत्कार से सदर अस्पताल का पूरा माहौल गमगीन बन गया। देखने आए लोगों की भी आंखें नम हो गई।
गोड्डा जिला में थे कार्यरत
बताया जाता है कि राकी सिंह झारखंड पुलिस के पद पर गोड्डा जिला में कार्यरत थे। दुर्गा पूजा पर्व को लेकर अपने घर आए थे और पड़ोसी साथी मंटू तांती के साथ बुलेट बाइक पर सवार होकर मनीअड्डा जेल की ओर किसी काम से गए थे।
जहां से वापस दोनों बुलेट बाइक से ही अपने घर लौट रहे थे मनीअड्डा के पास अचानक सामने से तेज रफ्तार दूसरी बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में बुलेट बाइक पर सवार पुलिस जवान और एक व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गए स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान पुलिस जवान की मौत हो गई जबकि व्यक्ति की हालत सामान्य बताई जा रही है।
मृतक पुलिस जवान को एक पुत्र और एक पुत्री है, उनकी मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- रोहतास में सड़क हादसा: आरा-मोहनिया फोरलेन पर बुलेट की टक्कर से पिता की मौत, बेटा घायल
