40 मिनट के निरीक्षण में ढहा 'गुरुकुल' का तिलस्म; सिमुलतला स्कूल में शिक्षकों की कमी पर भड़के ACS, 5 नवंबर को इंटरव्यू
Simultala Awasiya Vidyalaya Jamui ACS Inspection:एसीएस के औचक निरीक्षण में सिमुलतला आवासीय विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी और 'गुरुकुल' ...और पढ़ें

Simultala Awasiya Vidyalaya Jamui ACS Inspection: 5-6 नवंबर को इंटरव्यू।
HighLights
एसीएस ने सिमुलतला स्कूल में शिक्षकों की कमी पर नाराजगी जताई।
'गुरुकुल' पद्धति के दावों को लेकर विद्यालय प्रशासन निरुत्तर हुआ।
शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति के लिए 5-6 नवंबर को इंटरव्यू होंगे।
संवाद सूत्र, जागरण, सिमुलतला (जमुई)। Simultala Awasiya Vidyalaya Jamui ACS Inspection: बिहार के प्रतिष्ठित सिमुलतला आवासीय विद्यालय की चहारदीवारी के भीतर पीपीटी और फाइलों में सिमटा 'गुरुकुल' का तिलस्म शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) के औचक निरीक्षण में बिखर गया। 2 नवंबर को बिना किसी पूर्व सूचना और तामझाम के पहुंचे एसीएस का महज 40 मिनट का दौरा पूरी व्यवस्था को हिला गया।
मीडिया के प्रवेश पर रोक लगाकर भले ही कमियों पर पर्दा डालने की कोशिश की गई, लेकिन आंतरिक अव्यवस्था देख एसीएस का पारा चढ़ गया। नतीजा यह हुआ कि निरीक्षण के 24 घंटे के भीतर शिक्षा विभाग हरकत में आया और युद्धस्तर पर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी कर दिया गया।
पीपीटी पर भड़के एसीएस, पूछा- कहां है वास्तविक गुरुकुल?
समीक्षा बैठक के दौरान जब विद्यालय प्रशासन ने पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से सिमुलतला को प्राचीन 'गुरुकुल पद्धति' पर आधारित बताते हुए उपलब्धियों का खाका खींचा, तो सैनिक स्कूल के पूर्व छात्र रहे एसीएस ने प्रशासन को सीधे कठघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने दो टूक सवाल दागा— "सामान्य आवासीय प्रणाली से यह व्यवस्था अलग कैसे है और यहां जमीन पर वास्तविक गुरुकुल पद्धति कहां दिख रही है?" इस सीधे सवाल पर विद्यालय प्रशासन पूरी तरह निरुत्तर हो गया।
जब एसीएस ने शिक्षकों की कार्यबल स्थिति की समीक्षा की, तो पाया कि स्वीकृत 61 से 62 पदों के विरुद्ध वर्तमान में मात्र 36 शिक्षक ही कार्यरत हैं। लगभग आधी फैकल्टी गायब होने और पठन-पाठन की बदहाली पर उन्होंने बेहद तीखी नाराजगी जताई। व्यवस्था से असंतुष्ट होकर वे हॉस्टल का निरीक्षण किए बिना ही वहां से रवाना हो गए।
24 घंटे में एक्शन: 5 और 6 नवंबर को वॉक-इन-इंटरव्यू
शीर्ष स्तर से लगी कड़ी फटकार के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग में खलबली मच गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय ने तत्काल ज्ञापांक 1847 जारी करते हुए 5 और 6 नवंबर 2026 को दोपहर दो बजे से वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित करने का निर्देश दिया। इसके तहत माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर पर रिक्त विषयों के लिए योग्य शिक्षकों की सिमुलतला विद्यालय में प्रतिनियुक्ति की जाएगी। पारदर्शी व्यवस्था के तहत कुल रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत सीटें महिला शिक्षिकाओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं।
इन विषयों में होगी शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति
जारी आदेश के अनुसार:
उच्च माध्यमिक प्रभाग: रसायन विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, बिजनेस स्टडी, इतिहास और एंटरप्रेन्योरशिप में प्रत्येक विषय के लिए 1-1 पद पर प्रतिनियुक्ति होगी।
माध्यमिक प्रभाग: हिंदी (03 पद), विज्ञान (03 पद), सामाजिक विज्ञान (03 पद), संस्कृत (02 पद), सहायक शिक्षक गणित (02 पद) के अलावा अंग्रेजी, गणित, कंप्यूटर और गृह विज्ञान में 1-1 पद भरे जाएंगे।
परिसर में रहना अनिवार्य, ₹1000 दैनिक मानदेय
चयनित और प्रतिनियुक्त किए जाने वाले शिक्षकों के लिए विद्यालय परिसर में ही चौबीसों घंटे रहना अनिवार्य किया गया है। उन्हें कैंपस में निःशुल्क सुरक्षित आवास और पौष्टिक भोजन की सुविधा मिलेगी, जिसके बदले मकान किराया भत्ता (HRA) नहीं दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, शिक्षकों को उनके नियमित मूल वेतन के अलावा ₹1,000 प्रतिदिन का विशेष मानदेय दिया जाएगा। विद्यालय की शैक्षणिक पद्धति के अनुसार अध्यापन कार्य पूरी तरह अंग्रेजी माध्यम में कराना होगा। शिक्षकों का चयन डीईओ की अध्यक्षता में गठित 5 सदस्यीय विशेष समिति द्वारा मेरिट और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।