विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद में वार्ड सदस्य के पति का मर्डर, आक्रोशित गांव वालों ने एनएच-22 किया जाम

Published: Sun, 04 Oct 2026 04:01 PM (IST)

जहानाबाद के कचनामा गांव में वार्ड सदस्य के पति कमलेश कुमार की चाकू और रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई।

लोगों ने किया सड़क जाम। (जागरण)

लोगों ने किया सड़क जाम। (जागरण)

HighLights

  1. वार्ड सदस्य के पति कमलेश कुमार की चाकू-रॉड से हमला कर हत्या।

  2. आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम की।

  3. पुलिस प्रेम प्रसंग या बालू कारोबार के एंगल से जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, मखदुमपुर (जहानाबाद)। थाना क्षेत्र के कचनामा गांव में शनिवार की रात अपराधियों ने वार्ड सदस्य के पति कमलेश कुमार (32) की चाकू और रॉड से हमला कर हत्या कर दी।

कमलेश कुमार अपने घर के निचले कमरे में सोए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी सह वार्ड सदस्य कंचन सिंह और बच्चा छत पर बने कमरे में सो रहे थे।

रविवार की सुबह बच्चा अपने पिता को जगाने नीचे गया तो कमलेश को खून से लथपथ पाया। इसके बाद स्वजन और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी व मौके पर ग्रामीण एसपी को बुलाने की मांग को लेकर कचनामा पुल के समीप सागरपुर-मखदुमपुर सड़क को करीब पांच घंटे तक जाम रखा।

JEHANABAD crime news

यहां के बाद ग्रामीण पैदल मखदुमपुर पहुंचे और प्लेया गांव के पास पटना-गया एनएच-22 को भी करीब एक घंटे तक जाम कर दिया।

इसी बीच वहां गांव की एक महिला पहुंची और अपने पति पर कमलेश कुमार की हत्या करने का आरोप लगाने, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने महिला की पिटाई कर दी।

मौके पर पहुंची पुलिस

महिला कमलेश की कथित प्रेमिका बताई जाती है। पुलिस ने महिला को भीड़ से सुरक्षित निकाला। घटना की सूचना पर एसडीपीओ-2 कीर्ति कमल समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस अधिकारियों ने समझाकर लोगों को शांत कराया और जाम हटवाया। दोनों जगह पर घंटों सड़क जाम होने से लोगों को काफी परेशानी हुई, खासकर एनएच पर पटना और गया की तरफ से आने वाले वाहनों की कतार लग गई।

हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। कुछ लोग प्रेम प्रसंग तो कुछ बालू कारोबार से घटना को जोड़कर देख रहे हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर घटना की जांच कर रही है। स्वजन की ओर से आवेदन मिलने पर उसी अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस में महिला को थप्पड़ मारने वाला बेडरोल कर्मी गिरफ्तार, उत्तराखंड से छपरा GRP ने पकड़ा