जल्द शुरू होगा नए बालू घाटों से खनन: जहानाबाद में नदियों के सर्वे के बाद तैयार होगी DSR रिपोर्ट
जहानाबाद जिले में नए बालू घाटों की पहचान और खनन शुरू करने की प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है, जिसके लिए खनन अधिकारियों ने नदियों का सर्वेक्षण किया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
जहानाबाद में नए बालू घाटों की पहचान प्रक्रिया तेज।
खनन अधिकारियों ने नदियों का स्थलीय सर्वेक्षण किया।
जलस्तर घटने पर विस्तृत सर्वेक्षण और रिपोर्ट बनेगी।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जिले की विभिन्न नदियों में नए बालू घाटों के चिह्नीकरण और खनन शुरू कराने की प्रशासनिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
इसको लेकर जिला खनन पदाधिकारी, खान निरीक्षक एवं अन्य संबंधित कर्मियों की टीम ने हाल ही में विभिन्न नदियों का स्थलीय निरीक्षण और सर्वेक्षण किया।
इस दौरान संभावित बालू घाटों की भौगोलिक स्थिति, बालू की उपलब्धता और अन्य जरूरी तथ्यों का आकलन कर आंकड़े जुटाए गए।
सर्वेक्षण के आधार पर नए बालू घाटों को चिह्नित किया जाएगा। साथ ही इन घाटों से भविष्य में खनन संचालन की संभावनाओं का भी आकलन किया जाएगा।
इसके लिए संकलित जानकारियों के आधार पर जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट को नियमानुसार पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए संबंधित प्राधिकार के पास भेजा जाएगा।
वर्तमान में जिले की अधिकांश नदियों में जलस्तर अधिक होने के कारण विस्तृत सर्वेक्षण में परेशानी आ रही है। ऐसे में नदियों का जलस्तर कम होने के बाद सर्वेक्षण टीम दोबारा विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करेगी।
इस दौरान पूर्व में जुटाए गए आंकड़ों और तथ्यों का सत्यापन भी किया जाएगा। इसके बाद जिला सर्वेक्षण रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पर्यावरणीय मानकों का होगा पालन
नए बालू घाटों के चिह्नीकरण से लेकर खनन संचालन तक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पूरी की जाएगी। इसमें पर्यावरण संरक्षण और निर्धारित मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पर्यावरणीय स्वीकृति सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही नए बालू घाटों के संचालन का रास्ता साफ हो सकेगा। इससे जिले में बालू खनन की व्यवस्थित व्यवस्था विकसित होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- बिहार सरकार करेगी किसानों की मदद, बाढ़ के बाद खेतों में जमा बालू हटाने के लिए मिलेगा अनुदान