'जब तक जिंदा हूं, लड़ाई जारी रहेगी', पटना NEET छात्रा मौत मामले में CBI की क्लोजर रिपोर्ट पर भड़कीं मां
पटना में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के बाद मृतका की मां ने आक्रोश जताया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
सीबीआई ने पटना नीट छात्रा मौत मामले में क्लोजर रिपोर्ट दी।
मृतका की मां ने सीबीआई रिपोर्ट पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
मां ने बेटी के लिए न्याय की लड़ाई जारी रखने की कसम खाई।
संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर। पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में करीब 10 माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में नीट छात्रा की हुई मौत मामले में सीबीआई की ओर से क्लोजर रिपोर्ट दिए जाने के बाद मृतका की मां ने आक्रोश जताया है।
उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी के लिए न्याय की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगी। जरूरत पड़ी तो अदालत का दरवाजा खटखटाएंगी और मामले को अंत तक लड़ेंगी।
मां ने आरोप लगाया कि सीबीआई ने मामले में आरोपितों को बचाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि मैं हार नहीं सकती। हम केस लड़ेंगे और कोर्ट में लड़ेंगे। हमें जरूर न्याय मिलेगा।
मृत छात्रा की मां ने कहा कि केस बंद करने से मेरी बेटी का मामला खत्म नहीं हो जाता। एक मां इसे जिंदा रखती है। जब तक मैं जिंदा हूं, यह मामला चलता रहेगा। हम हारे नहीं हैं-CBI हारी है। मेरी बेटी को एक दिन इंसाफ जरूर मिलेगा।
गौर हो कि घटना के बाद मामले को लेकर काफी विवाद हुआ था। छात्रा की मौत के बाद बिहार में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी मामला गरमाया था। इसके बाद बिहार सरकार की ओर से मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का निर्णय लिया गया था।
अब सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट सामने आने के बाद छात्रा की मां ने जांच के निष्कर्ष पर सवाल उठाते हुए न्याय के लिए आगे की कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही है।
उनका कहना है कि बेटी की मौत की सच्चाई सामने आने तक वह पीछे नहीं हटेंगी।
यह भी पढ़ें- जहानाबाद में वार्ड सदस्य के पति का मर्डर, आक्रोशित गांव वालों ने एनएच-22 किया जाम
