जहानाबाद में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में भीषण आग, 20 लाख का सामान जलकर राख
जहानाबाद के शिवाजी पथ स्थित साइमा कलेक्शन रेडीमेड दुकान में बुधवार रात भीषण आग लग गई, जिससे करीब 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

HighLights
जहानाबाद की साइमा कलेक्शन दुकान में लगी भीषण आग।
लगभग 20 लाख रुपये के कपड़े, फर्नीचर जलकर राख।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, कोई जनहानि नहीं।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। शहर के शिवाजी पथ स्थित साइमा कलेक्शन नामक रेडीमेड कपड़े की दुकान में बुधवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। अगलगी में करीब 20 लाख रुपये मूल्य के कपड़े, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गए।
घटना के समय दुकान बंद थी, इस कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दुकानदार वसीम अकरम रोज की तरह बुधवार की रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। करीब 9 बजे दुकान के अंदर से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।
आग की भयावहता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और दुकान मालिक को भी सूचना दी गई। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं।
अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, इस दौरान आसपास की दुकानों के शेड और बैनर भी जल गए। राहत की बात रही कि आग अन्य दुकानों तक नहीं पहुंच सकी।
पीड़ित दुकानदार वसीम अकरम ने बताया कि दुकान के नीचे बिक्री काउंटर और ऊपर गोदाम था। दोनों जगह रखे कपड़े, फर्नीचर समेत सारा सामान जल गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।