गेट खुलते ही टूट पड़े 30-35 बाल बंदी: जहानाबाद में दारोगा और 2 विधि विरुद्ध बालकों की लात-घूंसों से जमकर पिटाई
जहानाबाद के शकुराबाद थाना क्षेत्र स्थित पर्यवेक्षण गृह में मंदिर से मूर्ति चोरी के मामले में लाए गए दो विधि विरुद्ध बालकों और उन्हें लाने वाले सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार पर बाल बंदियों ने हमला कर दिया।

घायल एसआई दीपक कुमार का चल रहा इलाज। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
पर्यवेक्षण गृह में सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार पर हमला।
मंदिर चोरी के आरोपी दो विधि विरुद्ध बालक भी घायल।
बाल बंदियों ने कार्यालय में तोड़फोड़ भी की।
संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर (जहानाबाद)। शकुराबाद थाना क्षेत्र में मंदिर से मूर्ति चोरी के मामले में निरुद्ध किए गए दो विरुद्ध बालक को लेकर पर्यवेक्षन गृह पहुंचे एसआई दीपक कुमार और दोनों विधि विरुद्ध बालकों पर वहां के बालबंदियों ने हमला बोल दिया।
हमले में सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार जख्मी हो गए, दोनों विधि विरुद्ध बालक को भी चोट पहुंची। वहां से भाग कर तीनों ने अपनी जान बचाई।
जख्मी एसआई को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि चोरी मामले में निरुद्ध किए गए दो विरुद्ध बालक को लेकर जैसे ही पर्यवेक्षन गृह के गेट पर पहुंचे, वहां के बाल बंदी गाली गलौज करने लगे, गेट खोलकर किसी तरह ऑफिस पहुंचे, वहां पहुंचते ही 30-35 की संख्या में बाल बंदियों ने अचानक हमला कर दिया।
लात घुसो से मारकर जख्मी कर दिया। किसी तरह वहां से निकल के अपनी जान बचाई। बाल बंदियों ने कार्यालय में कुर्सी टेबल को भी तोड़ दिया।
न्यायालय के आदेश पर दोनों बालकों को लेकर पर्यवेक्षण गृह पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद कुछ बालकों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे तो दर्जनों की संख्या में बालकों ने अचानक उन पर और दोनों विधि विरुद्ध बालकों पर हमला कर दिया। एसआई दीपक कुमार के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दोनों बालकों को वापस लाया गया है।