विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जहानाबाद में ऑटो ने सब्जी विक्रेता को रौंदा, मौत के बाद मोमबत्ती जलाकर लोगों ने किया NH जाम

Published: Sun, 01 Nov 2026 08:43 PM (IST)

मखदुमपुर के सरेन मोड़ पर तेज रफ्तार ऑटो की चपेट में आने से एक बुजुर्ग सब्जी विक्रेता कृष्णा महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

लोगों ने मोमबत्ती जलाकर किया एनएच जाम। (जागरण)

लोगों ने मोमबत्ती जलाकर किया एनएच जाम। (जागरण)

HighLights

  1. तेज रफ्तार ऑटो से बुजुर्ग सब्जी विक्रेता कृष्णा महतो की मौत।

  2. आक्रोशित ग्रामीणों ने पटना-गया एनएच-22 को ढाई घंटे जाम किया।

  3. सरेन मोड़ पर लगातार दुर्घटनाएं, ओवरब्रिज निर्माण की मांग।

संवाद सूत्र, मखदुमपुर (जहानाबाद)। टेहटा पेट्रोल पंप के समीप सरेन मोड़ पर रविवार की शाम तेज रफ्तार ऑटो की चपेट में आने से एक बुजुर्ग सब्जी विक्रेता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

उसकी पहचान सरेन गांव निवासी कृष्णा महतो उर्फ मौलवी (65 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पटना-गया एनएच-22 पर मोमबत्ती जलाकर आवागमन बाधित कर दिया और सड़क पर आगजनी कर भी विरोध जताया।

सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप पर करीब ढ़ाई घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ।

कृष्णा महतो टेहटा बाजार में ठेले पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार की शाम बाजार में सब्जी बेचने के बाद वह ठेला लेकर अपने गांव सरेन लौट रहे थे।

इसी दौरान सरेन मोड़ के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार आटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद चालक आटो लेकर फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। बुजुर्ग की मौत से आक्रोशित लोगों ने पटना-गया एनएच पर आगजनी कर आवागमन बाधित कर दिया।

लगातार हो रही सड़क दुर्घटना

ग्रामीणों का कहना था कि सरेन मोड़ पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। अब तक दर्जनों लोग हादसों के शिकार हो चुके हैं, इसके बावजूद यहां ओवरब्रिज निर्माण की मांग पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

सामाजिक कार्यकर्ता कारू यादव और पंचायत की मुखिया सविता देवी ने कहा कि सरेन मोड़ दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है।

ग्रामीण लंबे समय से यहां ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन और सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

मिलने पर टेहटा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण डीएम और एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

काफी मशक्कत के बाद जाम टूटा, जिसके बाद जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। एनएच पर ढ़ाई घंटे जाम से पटना व गया की तरफ से आने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।

यह भी पढ़ें- आरा-बक्सर फोरलेन पर डंपर ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, पति की मौके पर मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।