विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पर्यटन हब बनेगा जहानाबाद का वाणावर पहाड़, बौद्ध सर्किट से जोड़ने की तैयारी; चलेंगी शटल बसें

Published: Wed, 04 Nov 2026 06:42 PM (IST)

जहानाबाद जिला प्रशासन वाणावर पहाड़ को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रहा है। इसमें वाणावर महोत्सव, आधारभूत ...और पढ़ें

पर्यटन हब बनेगा जहानाबाद का वाणावर पहाड़

पर्यटन हब बनेगा जहानाबाद का वाणावर पहाड़

HighLights

  1. वाणावर पहाड़ को प्रमुख पर्यटन केंद्र बनाया जाएगा।

  2. बौद्ध पर्यटन सर्किट से जोड़ने की तैयारी चल रही है।

  3. पर्यटकों के लिए शटल बस सेवा शुरू होगी।

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जिले के ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसको लेकर जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में बैठक की गई। इसमें वाणावर महोत्सव के आयोजन, पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास और व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर चर्चा की गई। 

बैठक में पर्यटन विकास की संभावनाओं के साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। 

शटल बस सेवा शुरू करने पर विचार

बैठक में वाणावर तक पहुंचने वाली सड़कों का चौड़ीकरण, ऐतिहासिक गुफाओं के समीप इंटरप्रिटेशन सेंटर एवं मेडिटेशन सेंटर का निर्माण तथा भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने जैसे सुझाव दिए गए। 

पर्यटकों की सुविधा के लिए सूचनात्मक और दिशासूचक साइनेज लगाने के साथ शटल बस सेवा शुरू करने पर भी विचार किया गया। इसके अलावा वाणावर के समग्र विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए समिति गठित करने तथा बराबर को बौद्ध पर्यटन सर्किट से जोड़ने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

रेलवे स्टेशन और टोल प्लाजा पर होगा प्रचार, होम स्टे को मिलेगा बढ़ावा

पर्यटन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जहानाबाद रेलवे स्टेशन और टोल प्लाजा पर एलसीडी स्क्रीन लगाने का सुझाव दिया गया। इसके माध्यम से वाणावर की ऐतिहासिक गुफाओं और पर्यटन स्थलों से संबंधित वीडियो प्रदर्शित किए जाएंगे। 

स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से होम स्टे पॉलिसी को प्रोत्साहित करने पर भी सहमति बनी। बैठक में बताया गया कि पूर्व में वाणावर रेलवे स्टेशन के विकास और वाणावर क्षेत्र को नगर पंचायत में शामिल करने के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। 

सुविधाओं का विकास और व्यापक प्रचार-प्रसार जरूरी

जिलाधिकारी ने कहा कि वाणावर की ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन संबंधी महत्ता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास और व्यापक प्रचार-प्रसार जरूरी है। 

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को बैठक में प्राप्त सुझावों पर आवश्यक पहल करने तथा महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न पर्यटन संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सहूलियत मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। 

बैठक में टूरिज्म एसोसिएशन ऑफ बिहार, टूरिज्म गाइड एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष एवं सदस्य, पर्यटक गाइड, बोधगया मॉनेस्ट्री संगठन के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- Bihar New Zoo: बिहार को मिलने वाला है नया चिड़ियाघर, गयाजी में जंगल की 45.9 हेक्टेयर जमीन पर होगा निर्माण


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।