विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब बिहार के खेतों में भी उगेंगे मोती, किसान ने यूट्यूब से सीखी खेती; सालाना ₹200000 की कमाई

Published: Thu, 29 Oct 2026 05:31 PM (IST)

किसान रमेश कुमार सिंह ने अरवल में पहली बार मोती की खेती शुरू की है, जिससे पारंपरिक खेती से अलग अच्छी आय की उम्मीद है।

अब बिहार के खेतों में भी उगेंगे मोती, किसान ने यूट्यूब से सीखी खेती; सालाना ₹200000 की कमाई

अब बिहार के खेतों में भी उगेंगे मोती, किसान ने यूट्यूब से सीखी खेती; सालाना ₹200000 की कमाई

HighLights

  1. किसान रमेश सिंह ने अरवल में मोती की खेती शुरू की।

  2. सरकारी अनुदान और प्रशिक्षण से मिली नई पहल को गति।

  3. आधा एकड़ तालाब से सालाना दो लाख से अधिक आय।

शिव मिश्रा, अरवल। समुद्र में सीप से निकलने वाले मोतियों की खेती अब अरवल के खेतों में भी होने लगी है। बंशी सूर्यपुर प्रखंड की शेरपुर पंचायत के ब्रह्मलाल बीघा गांव निवासी किसान रमेश कुमार सिंह ने जिले में पहली बार मोती की खेती शुरू की है।

पारंपरिक खेती से अलग इस नए प्रयोग के माध्यम से वह अच्छी आमदनी की उम्मीद कर रहे हैं। रमेश कुमार सिंह ने बताया कि यूट्यूब पर वीडियो देखने के दौरान उन्हें मोती की खेती के बारे में जानकारी मिली।

इसके बाद उन्होंने कई लोगों से संपर्क किया और पश्चिम चंपारण जिले में दो दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया। फिर मत्स्य पालन विभाग से संपर्क कर योजना और अनुदान की जानकारी ली।

पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की विविधीकरण योजना के तहत उन्होंने दो लाख 24 हजार 600 रुपये की लागत से मोती की खेती शुरू की है। इसमें एक लाख 34 हजार 760 रुपये अनुदान के रूप में मिले हैं। विभाग की ओर से उन्हें विशेष प्रशिक्षण के लिए भुवनेश्वर भी भेजा जा रहा है।

आधा एकड़ के तालाब में दो हजार सीप

मोती की खेती के लिए किसान ने आधा एकड़ जमीन में तालाब बनवाया है। इसमें जहानाबाद से मंगाए गए दो हजार सीप रखे गए हैं। सीपों को नर्सरी में करीब एक महीने तक रखने के बाद ऑपरेशन किया जाता है। इस दौरान सीप के अंदर दो सांचे डाले जाते हैं, जिन्हें न्यूक्लियस कहा जाता है।

इसके बाद सीपों को जाली में रखकर पानी में 18 से 20 महीने तक छोड़ा जाता है। निर्धारित अवधि के बाद सांचे के अनुसार मोती तैयार होते हैं। एक मोती की औसत कीमत 100 से 200 रुपये तक होती है। अच्छी गुणवत्ता वाले मोती की कीमत एक हजार रुपये तक मिल सकती है।

सालाना दो लाख से अधिक आय की संभावना

जिला मत्स्य पालन पदाधिकारी आशुतोष आनंद ने बताया कि मत्स्य विविधीकरण योजना के तहत दो किसानों को मोती की खेती का प्रशिक्षण दिया गया था। इनमें एक किसान ने खेती शुरू कर दी है। उनके अनुसार, आधा एकड़ में मोती की खेती से सालाना दो लाख रुपये से अधिक की आय हो सकती है।

यह भी पढ़ें- नवादा: मचान बनाकर करें करेला, लौकी और लत्तेदार फसलों की खेती; होगा बंपर मुनाफा

यह भी पढ़ें- औषधीय व सुगंधित पौधों की खेती से बदलेगी बिहार के किसानों की तकदीर, सरकार तैयार कर रही समेकित व्यवस्था