नवादा: मचान बनाकर करें करेला, लौकी और लत्तेदार फसलों की खेती; होगा बंपर मुनाफा
नरहट, नवादा में किसानों के लिए उन्नत कृषि तकनीकों पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लत्तेदार फसलों की ...और पढ़ें

मचान बनाकर करें लत्तेदार फसलों की खेती(एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
उन्नत कृषि तकनीकें और बागवानी पर किसानों को प्रशिक्षण मिला।
लत्तेदार फसलों के लिए मचान खेती के तरीके सिखाए गए।
जैविक खाद और वर्मीकम्पोस्ट के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
संवाद सूत्र,नरहट (नवादा)। प्रखंड स्थित ई-किसान भवन नरहट में गुरुवार को वासंतिक रबी अभियान के तहत किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस दौरान किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, बागवानी, मशरूम की खेती और जैविक खाद के उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
लत्तेदार फसलों की उन्नत खेती करने के तरीके बताए
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को करेला, लौकी सहित अन्य लत्तेदार फसलों की उन्नत खेती करने के तरीके बताए गए। इन फसलों में बेहतर उत्पादन के लिए मचान बनाने और उसका उचित उपयोग करने की जानकारी दी गई।
मचान के जरिए उपजने वाली सब्जियां बेहतर होती है। जमीन से थोड़ी ऊंचाई पर होने के कारण फसल बेहतर प्राप्त होती है। कीट-व्याधी भी कम लगते हैं। वहीं टमाटर की खेती में आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के तरीके बताए गए। किसानों को मशरूम उत्पादन और बागवानी के माध्यम से अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
आमदनी बढ़ाने जैसे स्वरोजगार के विकल्पों पर चर्चा
कृषि विभाग की ओर से किसानों को खेती के साथ अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को अपनाकर मुनाफा बढ़ाने के बारे में जानकारी दी गई। आम के मौसम में आम खरीदकर उसका अचार तैयार करने और बाजार में बेचकर आमदनी बढ़ाने जैसे स्वरोजगार के विकल्पों पर भी चर्चा की गई।
जैविक खाद के उपयोग पर विशेष जोर
कार्यक्रम में जैविक खाद के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। किसानों को बताया गया कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और बेहतर फसल उत्पादन के लिए गोबर की खाद उपयोगी है। साथ ही, कच्चा गोबर सीधे खेतों में डालने के बजाय उससे वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। किसानों को वर्मी कम्पोस्ट बनाने की विधि भी समझाई गई।

पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इन्द्रदेव कुमार सिसोदिया ने पशुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं, प्रखंड कृषि पदाधिकारी आकाश ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, खेती की नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी आकाश ने की।
मौके पर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष नवीन सिंह, विवेकानंद सहित सैकड़ों किसान, कृषि समन्वयक सुनील कुमार, संजय कुमार, अजय कुमार, बीटीएम नितिन निविन किशोर, कृषि सलाहकार शैलेश कुमार, कमलेश कुमार, जितेंद्र कुमार,रवि कुमार और कृषि विभाग से जुड़े अन्य कर्मी एवं किसान उपस्थित रहे।
