युवक की हत्या से आक्रोशित ग्रामीण पुलिस से उलझे, सड़क को किया जाम
गोपालगंज हथुआ थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव निवासी मुन्ना तिवारी की गोली मार कर हत्या होने की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच गए।
गोपालगंज : हथुआ थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव निवासी मुन्ना तिवारी की गोली मार कर हत्या होने की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच गए। युवक के शव को पोस्टमार्टम करने के बाद शव को स्वजनों के सौंपने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सदर अस्पताल के मुख्य गेट पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच वहां पहुंचे पुलिस से भी लोग उलझ गए। हालांकि एसडीपीओ नरेश पासवान के समझाने पर आक्रोशित लोग वहां से शव लेकर चले गए। लेकिन शहर के बंजारी मोड़ पहुंचने पर आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया। लोग इस हत्याकांड में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। बाद में मौके पर पहुंचे एसडीपीओ ने लोगों को समझा कर शांत करा दिया।
रेपुरा गांव निवासी मुन्ना तिवारी अपने घर के पास आम के पेड़ के नीचे आराम कर रहे थे। तभी वहां बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन अपराधियों ने इन्हें गोलियों से भून दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां घायल मुन्ना तिवारी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस बीच युवक को गोली मारने की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच गए। लोगों को जानकारी हुई कि घायल मौत हो गई है तो उनके आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों में आक्रोश को देखते हुए सदर अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया। इसी बीच पोस्टमार्टम कराने के बाद युवक का शव जैसे ही स्वजनों को सौंपा गया, लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सदर अस्पताल के मुख्य गेट पर युवक का शव रख कर हंगामा शुरू कर दिया। लोग आरोपितों को गिरफ्तार करने के मांग कर रहे थे। इस बीच लोग पुलिस से भी उलझ गए। बाद में एसडीपीओ नरेश पासवान ने लोगों को समझा कर शांत करा दिया। इसके बाद लोग शव को लेकर वहां से आगे बढ़ गए। लेकिन बंजारी मोड़ पर फिर शव को सड़क पर रख कर जाम कर दिया। बाद में सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीपीओ ने लोगों को समझा कर शांत करा दिया।