विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परिवार संग गोपालगंज पहुंचे लालू: थावे भवानी दरबार में टेका माथा, फिर ससुराल में ताजा की पुरानी यादें

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:11 PM (GMT+05:30)

पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य ने गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने अपने ससुराल सेलार, पैतृक गांव फुलवरिया और मरछिया देवी चौक का भी दौरा किया।

थावे मंदिर में पूजा अर्चना करते लालू यादव, रोहिणी आचार्य और राबड़ी देवी। सौजन्य: राजद

थावे मंदिर में पूजा अर्चना करते लालू यादव, रोहिणी आचार्य और राबड़ी देवी। सौजन्य: राजद

HighLights

  1. लालू, राबड़ी, रोहिणी ने गोपालगंज के थावे दुर्गा मंदिर में पूजा की।

  2. उन्होंने बिहार की सुख, शांति, समृद्धि के लिए माता रानी से प्रार्थना की।

  3. ससुराल, पैतृक गांव और मरछिया देवी चौक का भी दौरा किया।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) शुक्रवार को अपनी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri Devi) तथा पुत्री रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) के साथ गोपालगंज स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ थावे दुर्गा मंदिर पहुंचे।

यहां उन्होंने मां थावे भवानी के दरबार में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और निरंतर तरक्की के लिए माता रानी से प्रार्थना की।

लालू प्रसाद यादव के थावे मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और राजद कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में काफी देर तक लोगों की आवाजाही बनी रही।

लालू यादव, राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ मां भवानी के दर्शन किए। इस दौरान राज्य के लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और आपसी भाईचारा कायम रहने की भी कामना की।

थावे मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद लालू प्रसाद यादव अपने ससुराल सेलार पहुंचे। यहां उन्होंने स्वजन और रिश्तेदारों से मुलाकात की। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव फुलवरिया भी गए।

गांव पहुंचकर उन्होंने मंदिर में दर्शन किया और अपने पुराने मित्रों तथा ग्रामीणों से मिलकर उनका हालचाल जाना। लंबे अरसे बाद अपने पैतृक क्षेत्र में पहुंचने से स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता देखी गई।

इस क्रम में लालू प्रसाद यादव मीरगंज स्थित मरछिया देवी चौक पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी माता मरछिया देवी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके साथ राजद के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मौके पर पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा, प्रेमशंकर यादव, राजद जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, प्रधान महासचिव इम्तेयाज अली भुट्टो, सुनील कुमार बारी, संतोष यादव सहित पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- गोपालगंज पहुंचा लालू परिवार, रोहिणी ने नीतीश को दिया खुला ऑफर, बोलीं- चाचा के लिए दिल का दरवाजा हमेशा खुला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।