गोपालगंज पहुंचा लालू परिवार, रोहिणी ने नीतीश को दिया खुला ऑफर, बोलीं- चाचा के लिए दिल का दरवाजा हमेशा खुला
लालू प्रसाद यादव अपने परिवार के साथ लंबे समय बाद गोपालगंज पहुंचे। इस पारिवारिक दौरे के बीच रोहिणी आचार्य ने ...और पढ़ें
HighLights
लालू परिवार लंबे समय बाद गोपालगंज पहुंचा।
रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को खुला ऑफर दिया।
नीतीश को चाचा कहकर सम्मान देने की बात कही।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव गुरुवार को लंबे अरसे बाद अपने पैतृक जिले गोपालगंज पहुंचे। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी आचार्य भी मौजूद रहीं। लालू परिवार के आगमन के साथ ही जिले से लेकर प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि, लालू प्रसाद यादव ने अपने दौरे को पूरी तरह पारिवारिक बताया है। परिवार के सदस्य जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में ठहरे हुए हैं। यहां से वे उचकागांव थाना क्षेत्र के बरगछिया गांव के लिए रवाना हुए।
मौसी के घर मांगलिक कार्यक्रम में होंगे शामिल
लालू प्रसाद यादव अपने परिवार के साथ बरगछिया गांव में राबड़ी देवी की बहन के घर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा उनके पैतृक गांव फुलवरिया जाने का भी कार्यक्रम है।
परिवार प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेगा। लंबे समय बाद लालू यादव के अपने गृह जिले पहुंचने से समर्थकों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, इस पारिवारिक दौरे के बीच रोहिणी आचार्य के राजनीतिक बयान ने बिहार की सियासत को नई चर्चा दे दी है।
रोहिणी बोलीं- चाचा नीतीश के लिए हमेशा खुला है दरवाजा
गोपालगंज पहुंची रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते हुए कहा कि लालू परिवार के दिल का दरवाजा उनके लिए हमेशा खुला है।
रोहिणी ने कहा कि वह बचपन से ही नीतीश कुमार को चाचा कहती आई हैं। अपनों के लिए दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं। अब चाचा नीतीश कुमार को फैसला करना है कि उन्हें क्या करना है। उनके इस बयान को बिहार की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
नीतीश को राजद परिवार में सम्मान देने की बात
रोहिणी आचार्य ने कहा कि लालू परिवार चाहता है कि नीतीश कुमार को हमेशा मान-सम्मान मिले। उन्हें वैसा ही सम्मान मिलना चाहिए, जैसा राजद परिवार में मिलता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट सरकार में नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को अपमानित होना पड़ रहा है।
रोहिणी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि वह दूध में मक्खी की तरह दोनों पिता-पुत्र को सत्ता से बाहर कर देगी। उनके इस बयान ने नीतीश कुमार को लेकर राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी है।
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे पर भी साधा निशाना
रोहिणी आचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री झूठे वादे करके चले जाएंगे। नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। रोहिणी के बयान से साफ है कि राजद परिवार ने नीतीश कुमार को लेकर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है। हालांकि, लालू यादव ने अपने गोपालगंज दौरे को पारिवारिक कार्यक्रम तक ही सीमित बताया है।
पारिवारिक दौरे के बीच राजनीतिक बयान से बढ़ी हलचल
लालू परिवार का लंबे अरसे बाद गोपालगंज पहुंचना और रोहिणी आचार्य का नीतीश कुमार को खुला ऑफर देना बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। खासकर नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को लेकर दिया गया बयान कई राजनीतिक मायने निकाल रहा है।
अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि रोहिणी के इस बयान पर जदयू और भाजपा की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है। फिलहाल एक पारिवारिक दौरे ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।
यह भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में निशांत कुमार को रोका, JDU ने उठाए सवाल; BJP पर बरसीं लालू की बेटी रोहिणी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।