CM सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में निशांत कुमार को रोका, JDU ने उठाए सवाल; BJP पर बरसीं लालू की बेटी रोहिणी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के वैशाली दौरे पर प्रभारी मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षा घेरे में रोके जाने से राजनीतिक विवाद ...और पढ़ें

निशांत कुमार को सुरक्षा घेरे में रोके जाने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ने लगा
HighLights
वैशाली में सीएम कार्यक्रम के दौरान निशांत कुमार को रोका गया।
जेडीयू ने घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जांच की मांग की।
विपक्ष ने इस मामले को लेकर एनडीए पर निशाना साधा।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के वैशाली दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री निशांत कुमार को सुरक्षा घेरे में रोके जाने का मामला राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस मुख्यालय से पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की है।
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता एवं विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार ने सवाल उठाया कि जब निशांत कुमार मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे और उन्हें प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा मिली हुई थी, तो उनके साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया?
सुरक्षा घेरे में निशांत कुमार को क्यों रोका गया?
मामला 18 नवंबर का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 21 नवंबर को वैशाली में प्रस्तावित सभा की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राजापाकर पहुंचे थे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और प्रभारी मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे।
इसी दौरान मुख्यमंत्री मीडिया से बातचीत कर रहे थे। बताया जा रहा है कि तभी सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने निशांत कुमार को आगे जाने से रोक दिया। इस घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई। जेडीयू ने भी इस पर नाराजगी जाहिर की है।
'जानबूझकर हुआ या अनजाने में, जांच जरूरी'
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि सामने आया वीडियो दुखद और पीड़ादायक है। पुलिस मुख्यालय को पूरे मामले की जांच करनी चाहिए कि यह घटना जानबूझकर हुई या अनजाने में। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार वैशाली के प्रभारी मंत्री हैं और मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में पहुंचे थे। ऐसे में प्रोटोकॉल का पालन होना चाहिए था।
नीरज कुमार ने निशांत कुमार के व्यक्तित्व का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी शालीनता, सहजता, सरलता और लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनका अपमान करने की हिम्मत कौन कर सकता है? हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही सामने आएगी।
रोहिणी आचार्य के बयान से बढ़ी सियासी गर्मी
इस घटनाक्रम पर आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने भी निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार के सम्मान को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए। रोहिणी ने आरोप लगाया कि पहले नीतीश कुमार को किनारे किया गया और अब निशांत कुमार को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जा रहा है।
उनकी इस टिप्पणी ने मामले को और राजनीतिक रंग दे दिया। अब एक तरफ जेडीयू पुलिस मुख्यालय से जांच की मांग कर रही है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष इस घटना को लेकर एनडीए पर निशाना साध रहा है।
क्यूँ जलील होने को मजबूर हैं चाचा नीतीश कुमार और भाई निशांत कुमार ? पहले नीतीश कुमार जी को जलालत के साथ किनारे किया और अब उनके बेटे निशांत को सरेआम जलील कर रही है बीजेपी ..गजब की सहनशक्ति है चाचा जी की , लगता है अपने आत्म - सम्मान और स्वाभिमान को पूरी तरह से दफ़न कर चुके हैं और अब अपने बेटे को भी अपनी ही चाल में ढलने को मजबूर कर रहे हैं ..
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) November 18, 2026
नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर भी किया पलटवार
निशांत कुमार के मुद्दे पर अपनी बात रखने के दौरान नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसी की इतनी ताकत नहीं है कि वह नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के साथ बदसलूकी करे।
इसके बाद उन्होंने तेजस्वी यादव के परिवार को लेकर टिप्पणी की और राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री कार्यकाल से जुड़ा आरोप भी लगाया। नीरज कुमार ने तेजस्वी के 'जीवित' वाले बयान पर भी पलटवार किया।
उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण के समय लालू प्रसाद यादव की ओर से एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर परीक्षण का नाम रखने के सुझाव का जिक्र किया। उनका यह बयान नीतीश सेतु के नामकरण को लेकर तेजस्वी यादव की टिप्पणी के जवाब में आया।
अधिकारियों पर लगाम लगाने के फैसले के समर्थन में उतरी JDU
निशांत कुमार से जुड़े विवाद के बीच नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक अन्य फैसले का भी समर्थन किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों में अधिकारियों की भूमिका को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देशों को सही बताया।
नीरज कुमार के अनुसार, कई जिलों से शिकायतें मिल रही थीं कि सरकारी कार्यक्रमों में अधिकारी जरूरत से ज्यादा सक्रिय रहते हैं और जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं मिलता।
इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव ने आदेश जारी किया है। इसमें अधिकारियों को सरकारी योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास में अपना नाम प्रमुखता से लिखवाने और खुद उद्घाटन करने से बचने को कहा गया है।
सम्राट चौधरी के दौरे को बताया नीतीश कुमार की परंपरा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जिलों में जाकर विकास योजनाओं की समीक्षा करने के कार्यक्रम की भी नीरज कुमार ने सराहना की। उन्होंने कहा कि जिलों का दौरा कर विकास कार्यों की जमीनी स्थिति जानने और आम लोगों से संवाद करने की परंपरा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुरू की थी।
नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल में कई यात्राएं कीं और अलग-अलग जिलों में जाकर सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। अब सम्राट चौधरी भी इसी दिशा में काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के जिलों में पहुंचकर अधिकारियों से जवाब मांगने और योजनाओं की समीक्षा करने से विकास कार्यों को गति मिल सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।