विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में PG Admission की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 8 अक्टूबर तक मौका

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:36 PM (IST)

जयप्रकाश विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर (पीजी) सत्र 2026-28 के लिए तीसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर से बढ़ाकर 8 अक्टूबर कर दी गई है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. पीजी नामांकन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर तक बढ़ाई गई।

  2. जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने छात्रों के हित में लिया यह निर्णय।

  3. समर्थ पोर्टल से शुल्क जमा कर नामांकन प्रक्रिया पूरी करें।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जयप्रकाश विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विभागों एवं संबंधित अंगीभूत महाविद्यालयों में सीबीसीएस आधारित पीजी सत्र 2026-28 में तीसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन की तिथि बढ़ा दी गई है। पूर्व निर्धारित छह अक्टूबर की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब आठ अक्टूबर कर दिया गया है।

विश्वविद्यालय की ओर से छात्र-छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए नामांकन के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। तीसरी मेधा सूची में आवंटित अभ्यर्थी अब आठ अक्टूबर तक संबंधित विभाग या महाविद्यालय में नामांकन करा सकेंगे।

विश्वविद्यालय की ओर से मंगलवार को जारी सूचना के अनुसार, विस्तारित अवधि में कोई नया आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिन अभ्यर्थियों का नाम तीसरी मेधा सूची में आया है और किसी कारण से अभी तक नामांकन नहीं करा सके हैं, उन्हें इस अवधि में नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिशन लिंक के माध्यम से समर्थ पोर्टल पर जाकर आवंटन की जानकारी देख सकते हैं।

समर्थ पोर्टल से जमा करना होगा नामांकन शुल्क

नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को समर्थ पोर्टल के पेमेंट गेटवे के माध्यम से निर्धारित नामांकन शुल्क जमा करना होगा। शुल्क जमा करने के बाद प्राप्त रसीद को संबंधित महाविद्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।

कागजात सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को डाउनलोड किया हुआ आवेदन फार्म और आवंटन पत्र साथ लाना होगा। इसके अलावा मूल मैट्रिक अंकपत्र व प्रमाणपत्र, इंटरमीडिएट के मूल दस्तावेज या डिजिलॉकर दस्तावेज, स्नातक का अंकपत्र एवं उत्तीर्णता प्रमाणपत्र, मूल एसएलसी, सीएलसी या माइग्रेशन प्रमाणपत्र भी जमा करना होगा।

आरक्षित वर्ग एवं ईडब्ल्यूएस से संबंधित प्रमाणपत्र, लागू होने पर गैप ईयर का नोटरी शपथपत्र, चार हालिया रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड तथा अपार आईडी या एबीसी आईडी भी अभ्यर्थियों को साथ रखना होगा।

यह भी पढ़ें- पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय में UG की 70000 सीटें खाली, अप्रेंटिसशिप कोर्स में भी रुचि नहीं ले रहे छात्र