गोपालगंज सदर अस्पताल में किडनी मरीज की मौत के बाद बवाल, स्वजन ने जमकर की तोड़फोड़
गोपालगंज के सदर अस्पताल में किडनी के मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की।
-1794708809444_m.webp)
उग्र लोगों को समझाते नगर थाना प्रभारी प्रवीण प्रभाकर। (जागरण)
HighLights
किडनी मरीज की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया।
परिजनों ने चिकित्सक की अनुपस्थिति पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
आक्रोशित लोगों ने सदर अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ भी की।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में शनिवार की देर रात किडनी के एक मरीज की मौत के बाद स्वजन ने जमकर हंगामा किया।
इस दौरान आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद अस्पताल में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
मृतक की पहचान महम्मदपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर कोठी गांव निवासी दुलारचंद यादव के रूप में की गई है। बताया जाता है कि दुलारचंद यादव किडनी की बीमारी से पीड़ित थे।
रविवार को उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी होने लगी। इसके बाद स्वजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
यहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इसी दौरान मरीज की मौत हो गई। मरीज की मौत के बाद स्वजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने चिकित्सक पर ड्यूटी से गायब रहने का आरोप लगाते हुए अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
गुस्साए लोगों ने की तोड़फोड़
स्वजन का आरोप था कि समय पर चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीज को समुचित उपचार नहीं मिल सका। इसके बाद देखते ही देखते अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया और आक्रोशित लोगों ने तोड़फोड़ की।
हंगामा और तोड़फोड़ की सूचना मिलने के बाद अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. शशि रंजन प्रसाद, नगर थानाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर तथा अस्पताल प्रबंधक जान मोहम्मद मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज में महावीरी मेला के लिए चंदा न देने पर विवाद, दो पक्षों को बीच मारपीट में 24 लोग घायल