बिना रजिस्ट्रेशन नहीं बिकेगा धान: MSP 2441 रुपये तय, फिर भी गोपालगंज के किसानों में नहीं दिख रहा उत्साह
गोपालगंज में धान खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण बेहद कम है, जहां 2.5 लाख से अधिक किसानों में से केवल 580 ने ही निबंधन कराया है।

बिना रजिस्ट्रेशन नहीं बिकेगा धान: MSP 2441 रुपये तय, फिर भी गोपालगंज के किसानों में नहीं दिख रहा उत्साह (AI Generated Image)
HighLights
गोपालगंज में धान बिक्री हेतु किसानों का कम पंजीकरण।
सरकारी खरीद के लिए 1 नवंबर से पहले निबंधन आवश्यक।
सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2441 प्रति क्विंटल।
मिथिलेश तिवारी, गोपालगंज। खेतों में धान की फसल तैयार हो रही है और सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद की तैयारी भी तेज हो चुकी है, लेकिन सरकारी व्यवस्था के तहत धान बेचने के लिए किसानों में पंजीकरण को लेकर उत्साह नहीं दिख रहा है।
11 अक्टूबर की शाम तक जिले में महज 580 किसानों ने धान बिक्री के लिए ऑनलाइन निबंधन कराया है। इनमें 483 रैयत और 97 गैर रैयत किसान शामिल हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि खरीद शुरू होने तक बाकी किसान पंजीकरण कैसे करा पाएंगे।
सरकारी क्रय केंद्रों पर एक नवंबर से उन्हीं किसानों से धान की खरीद होगी, जिन्होंने सहकारिता विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। यानी बिना निबंधन किसान अपनी उपज सरकारी दर पर बेचने से वंचित हो सकते हैं।
पांच चरणों में पूरा होगा पंजीकरण
धान बेचने के लिए किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पहले चरण में निर्धारित प्रोफार्मा में नाम, पता, बैंक खाता, खेसरा सहित आवश्यक जानकारी देनी होगी।
इसके बाद पंजीकरण प्रपत्र का प्रिंट, जरूरत पड़ने पर विवरण में संशोधन, पंजीकरण लाक और अंत में फाइनल प्रिंट लेने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। किसान यह काम जन सुविधा केंद्र या साइबर कैफे से करा सकते हैं।
पैक्स के लिए 546, व्यापार मंडल के लिए 34 आवेदन
अबतक पंजीकरण कराने वाले 580 किसानों में 546 ने पैक्स और 34 ने व्यापार मंडल के माध्यम से धान बेचने के लिए आवेदन किया है। प्रखंड वार आंकड़े देखें तो विजयीपुर में सर्वाधिक 104 किसानों ने निबंधन कराया है। भोरे में 99, कटेया में 75 और हथुआ में 78 किसान पंजीकृत हुए हैं।
इसके विपरीत सिधवलिया में महज आठ किसानों ने निबंधन कराया है। मांझा में 11 और पंचदेवरी तथा बैकुंठपुर में 16-16 तथा कुचायकोट में 17 किसानों का पंजीकरण हुआ है। फुलवरिया में 23, थावे में 26 तथा उचकागांव में 30 किसान पंजीकृत हुए हैं।
सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये
इस वर्ष सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल, जबकि ए ग्रेड धान का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है।
विभाग की ओर से किसानों से समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की गई है। पंजीकरण में परेशानी होने पर किसान संबंधित विभागीय कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कहां कितने किसानों का अबतक पंजीकरण
| प्रखंड | किसानों की संख्या |
|---|---|
| बैकुंठपुर | 16 |
| बरौली | 44 |
| भोरे | 99 |
| विजयीपुर | 104 |
| गोपालगंज | 33 |
| हथुआ | 78 |
| कटेया | 75 |
| कुचायकोट | 17 |
| मांझा | 11 |
| पंचदेवरी | 16 |
| फुलवरिया | 23 |
| सिधवलिया | 08 |
| थावे | 26 |
| उचकागांव | 30 |
| कुल | 580 |
यह भी पढ़ें- दलहन की खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, समस्तीपुर में मसूर की खेती पर ₹12,000 प्रति क्विंटल मिलेगी सब्सिडी
