गोपालगंज: दोस्त को 300 रुपये लेने भेजा, घर से उड़ाए दो लाख और गहने; 2 अरेस्ट
गोपालगंज के मंगहा गांव में दोस्ती का फायदा उठाकर घर से दो लाख रुपये नकद और आभूषण चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

दोस्त को 300 रुपये लेने भेजा, घर से उड़ाए दो लाख और गहने (AI Generated Image)
संवाद सूत्र, फुलवरिया (गोपालगंज)। श्रीपुर थाना क्षेत्र के मंगहा गांव में दोस्ती के भरोसे को तोड़कर दिनदहाड़े घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों के पास से दो लाख रुपये नकद, मंगलसूत्र, 11 बिछिया, चांदी का कमरबंद, चांदी की चोटी समेत अन्य आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के पास से तीन धारदार चाकू भी जब्त किए हैं।
घटना के महज आठ घंटे के भीतर दोनों की गिरफ्तारी कर पुलिस ने मामले का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार आरोपितों में सवनहीं गांव निवासी मन्नू आलम और इंदल कुमार शामिल हैं।
दोस्ती का भरोसा बना चोरी का रास्ता
जानकारी के अनुसार, मंगहा गांव निवासी योगेंद्र महतो का पुत्र सोनू कुमार शुक्रवार को अपनी मां सुनीता देवी के साथ खेत में धान काटने गया था।
इसी दौरान सोनू ने अपने दोस्त मन्नू आलम को घर से 300 रुपये लाने के लिए भेजा। मन्नू का पहले से घर आना-जाना था, इसलिए परिवार को उस पर संदेह नहीं हुआ।
घर में सोनू का छोटा भाई मौजूद था, जो मानसिक रूप से कमजोर बताया जाता है। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर मन्नू ने घर में रखी दो लाख रुपये से अधिक नकदी और आभूषण चोरी कर लिए।
घर लौटने पर सामने आई चोरी
खेत से लौटने के बाद सोनू और उसकी मां को घर में चोरी होने की जानकारी हुई। इसके बाद सुनीता देवी ने श्रीपुर थाने में लिखित शिकायत देकर मन्नू आलम और इंदल कुमार को आरोपित बनाया।
शिकायत मिलने के बाद श्रीपुर थानाध्यक्ष सिंपी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों की तलाश शुरू की और छापामारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अलग-अलग जगहों पर छापामारी कर बरामद किए आभूषण
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर शनिवार और रविवार को अलग-अलग स्थानों पर छापामारी की। इस दौरान चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपितों के पास से 10, छह और पांच इंच के तीन धारदार चाकू भी जब्त किए हैं।
एसडीपीओ ने कहा- आवश्यक कार्रवाई पूरी कर भेजा न्यायालय
हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी की नकदी, आभूषण और धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय भेज दिया गया है।
