विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी के बाद भी नहीं छोड़ा अधिकारी बनने का सपना, गोरखपुर की बेटी और गोपालगंज की बहू ने UPPCS में लहराया परचम

Published: Thu, 05 Nov 2026 03:59 PM (IST)

प्रतिमा सिंह ने पारिवारिक जिम्मेदारियों के बावजूद दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से यूपीपीसीएस परीक्षा पहले प्रयास में पास की। ...और पढ़ें

अपने कार्यालय में प्रतिमा सिंह!.सौ.स्वजन

अपने कार्यालय में प्रतिमा सिंह!.सौ.स्वजन

HighLights

  1. प्रतिमा सिंह ने पहले प्रयास में UPPCS परीक्षा पास की।

  2. वर्तमान में बहराइच में अधिशासी अधिकारी के पद पर कार्यरत।

  3. जलालपुर के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करती हैं।

मनोज कुमार राय, (गोपालगंज)। प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती। यदि मन में संकल्प हो और लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाए तो पारिवारिक जिम्मेदारियां भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं।

इसका उदाहरण कुचायकोट प्रखंड के जलालपुर निवासी प्रतिमा सिंह हैं। अपनी प्रतिभा, दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़े परिश्रम के बल पर उन्होंने सफलता की ऐसी कहानी लिखी है, जो क्षेत्र की युवतियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

सामान्य परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) की परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की।

वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के बहराइच जिला मुख्यालय में अधिशासी अधिकारी (Executive Officer) के पद पर कार्यरत हैं। सरकारी दायित्वों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभा रही हैं।

जब भी उन्हें समय मिलता है, वह जलालपुर पहुंचकर पंचायत के युवक-युवतियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करती हैं।

गोरखपुर से शुरू हुआ शिक्षा का सफर

प्रतिमा सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी गोरखपुर में ही हुई। पढ़ाई के प्रति विशेष रुचि रखने वाली प्रतिमा ने भूगोल विषय से स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की।

इसके बाद उन्होंने ह्यूमन रिसोर्स में एमबीए किया और एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगीं। वर्ष 2014 में उनका विवाह कुचायकोट प्रखंड के जलालपुर निवासी प्रह्लाद सिंह के पुत्र दुर्गेश्वर प्रसाद सिंह से हुआ।

विवाह के बाद वह जलालपुर आ गईं और पारिवारिक जिम्मेदारियों को संभालने लगीं। हालांकि, उनके मन में कुछ अलग करने और प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना लगातार बना रहा।

परिवार के सहयोग से मिली मंजिल

परिवार के सदस्य विशाल कुमार लड्डू ने बताया कि प्रतिमा की पढ़ाई के प्रति लगन और भविष्य के सपनों को देखते हुए परिवार के लोगों ने उनका हौसला बढ़ाया।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उन्हें दिल्ली भेजा गया। वहां उन्होंने पूरी एकाग्रता और मेहनत के साथ तैयारी शुरू की। वर्ष 2019 में आयोजित यूपीपीसीएस परीक्षा में उन्होंने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली।

महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ उनका चयन अधिशासी अधिकारी के पद पर हुआ। यह उपलब्धि उनके परिवार के साथ जलालपुर के लिए भी गौरव का विषय बनी।

युवाओं को सफलता के लिए कर रहीं प्रेरित

प्रतिमा सिंह का मानना है कि सफलता के लिए आर्थिक स्थिति से अधिक जरूरी मजबूत इच्छाशक्ति, नियमित अध्ययन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन है।

वह जलालपुर आने पर युवाओं और युवतियों से संवाद कर उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

उनका प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को भी बेहतर अवसर मिलें और वे अपनी क्षमता के अनुरूप मुकाम हासिल कर सकें। वह अपनी सफलता का श्रेय परिवार, ससुराल पक्ष के सदस्यों और शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा सहयोग को देती हैं।

यह भी पढ़ें- ट्यूशन पढ़ाकर भाइयों को बनाया इंजीनियर और रेलवे कर्मी, अब खुद BPSC अफसर बनने की राह पर रोहतास की सपना



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।