विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

500 रुपये से शुरू किया अगरबत्ती बनाने का काम, आज रोज 70 किलो उत्पादन कर रही हैं गोपालगंज की बसंती देवी

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:35 PM (IST)

बसंती देवी ने मात्र 500 रुपये से अगरबत्ती का व्यवसाय शुरू किया, जो अब प्रतिदिन 70 किलो से अधिक उत्पादन करता है। गोपालगंज की यह महिला न केवल आत्मनिर्भर बनीं, बल्कि छह लोगों को रोजगार दिया। 

अगरबत्ती बनाती महिलाएं। जागरण

अगरबत्ती बनाती महिलाएं। जागरण

HighLights

  1. 500 रुपये से अगरबत्ती व्यवसाय की शुरुआत की।

  2. आज प्रतिदिन 70 किलो से अधिक उत्पादन करती हैं।

  3. छह लोगों को रोजगार देकर बनीं प्रेरणास्रोत।

संवाद सूत्र, मांझा (गोपालगंज)। कहते हैं कि हौसले बुलंद हों तो मुश्किलें भी रास्ता छोड़ देती हैं। इस कहावत को मांझा प्रखंड के आलापुर गांव की बसंती देवी ने सच कर दिखाया है।

कभी गरीबी और आर्थिक तंगी से जूझने वाली बसंती आज अगरबत्ती उद्योग के जरिए आत्मनिर्भर बनी हैं। महज पांच सौ रुपये से शुरू किया गया उनका कारोबार अब बड़े पैमाने पर उत्पादन तक पहुंच गया है।

वह न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर चुकी हैं, बल्कि छह लोगों को रोजगार देने के साथ दूसरी महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।

बसंती देवी ने वर्ष 2017 में पांच सौ रुपये की पूंजी से अगरबत्ती बनाने के लिए पाउडर और लकड़ी खरीदी थी। इसके बाद घर से ही अगरबत्ती बनाने का काम शुरू किया।

घरेलू कामकाज तक सीमित रहने वाली बसंती को शुरुआत में विरोध और लोगों के ताने भी सुनने पड़े। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने आत्मविश्वास के बल पर कारोबार आगे बढ़ाने में जुटी रहीं।

उधार में अगरबत्ती बेचकर बढ़ाया कारोबार

शुरुआती दिनों में उनकी अगरबत्ती की बिक्री नहीं हो पाती थी। इसके बाद उन्होंने गांव की महिलाओं को उधार पर अगरबत्ती बेचनी शुरू की।

धीरे-धीरे बिक्री बढ़ी तो उधार के पैसे से कच्चा माल खरीदकर उत्पादन जारी रखा। इसी बीच वह जीविका समूह से जुड़ीं और 50 हजार रुपये लोन लेकर अधिक मात्रा में अगरबत्ती बनाने लगीं।

धीरे-धीरे उनके उत्पादों की मांग बढ़ने लगी।

पांच लाख के लोन से खरीदीं ऑटोमेटिक मशीनें

बसंती देवी की मेहनत और लगन को देखते हुए जीविका ने उन्हें बैंक मित्र के रूप में भी काम करने का अवसर दिया। वह सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मांझा शाखा में बैंक मित्र के पद पर काम करने लगीं।

इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत बैंक से पांच लाख रुपये का ऋण लेकर वर्ष 2023 में अगरबत्ती बनाने और सुखाने के लिए तीन ऑटोमेटिक मशीनें खरीदीं।

मशीनों के जरिए अब वह बड़े पैमाने पर अगरबत्ती, धूपबत्ती और मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती का उत्पादन कर रही हैं।

प्रतिदिन 70 किलो से अधिक उत्पादन

वर्तमान में बसंती देवी प्रतिदिन 70 किलो से अधिक अगरबत्ती का उत्पादन कर रही हैं। उनके उत्पादों की मांग मांझा के स्थानीय बाजारों के अलावा थावे, धर्मपरसा, बड़हरिया और आसपास के क्षेत्रों में भी बढ़ रही है।

उनका कारोबार अब लाखों रुपये के टर्नओवर तक पहुंच गया है। बसंती देवी के लिए यह कारोबार केवल आमदनी का जरिया नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मविश्वास की पहचान भी बन गया है।

कभी जिन तानों और विरोध का सामना कर उन्होंने काम शुरू किया था, आज उसी काम के दम पर वह दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

वह गांव-गांव जाकर महिलाओं को स्वरोजगार से जुड़ने और अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- तानों से नहीं मानी हार, पोल्ट्री फार्म से शुरू किया सफर; गया की बेबी 100 महिलाओं की बनीं प्रेरणा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।