विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तानों से नहीं मानी हार, पोल्ट्री फार्म से शुरू किया सफर; गया की बेबी 100 महिलाओं की बनीं प्रेरणा

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:23 PM (IST)

गया की बेबी देवी ने सामाजिक तानों और आर्थिक तंगी से लड़ते हुए जीविका समूह के सहयोग से आत्मनिर्भरता की ...और पढ़ें

पति विनेश कुमार के साथ राशन दुकान में बेबी देवी। जागरण

पति विनेश कुमार के साथ राशन दुकान में बेबी देवी। जागरण

HighLights

  1. बेबी देवी ने जीविका से जुड़कर पोल्ट्री फार्म शुरू किया।

  2. घाटे के बाद राशन, जनरल स्टोर, सब्जी का कारोबार संभाला।

  3. उनकी प्रेरणा से 100 से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं।

संवाद सहयोगी, शेरघाटी (गया)। सामाजिक ताने और आर्थिक तंगी के बीच कभी परिवार चलाना मुश्किल था। आज उदनबीघा गांव की बेबी देवी न सिर्फ अपने परिवार की आर्थिक ताकत बन चुकी हैं। 

दूसरी महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने की राह दिखा रही हैं। जीविका समूह से जुड़कर उन्होंने वर्ष 2009 में पोल्ट्री फार्म शुरू किया।

कारोबार में घाटा हुआ तो हार मानने के बजाय राशन दुकान खोली। आज वह जनरल स्टोर और सब्जी का कारोबार भी चला रही हैं।

गया जिले के शेरघाटी प्रखंड की बार पंचायत के उदनबीघा गांव निवासी बेबी देवी वर्ष 2008 में जीविका के मां शारदा समूह से जुड़ी थीं।

उस समय महिलाओं का समूह की बैठकों में जाना और बैंकिंग कार्यों के लिए घर से निकलना आसान नहीं था। ग्रामीणों के ताने भी सुनने पड़ते थे।

हालांकि, पति विनेश कुमार के सहयोग से उन्होंने इन बातों की परवाह नहीं की और अपनी आर्थिक स्थिति बदलने का संकल्प लिया।

पोल्ट्री फार्म से शुरू किया कारोबार

जून 2009 में बेबी देवी ने समूह से ऋण लेकर पोल्ट्री फार्म शुरू किया। शुरुआती चार-पांच वर्षों तक कारोबार अच्छा चला और परिवार की आमदनी बढ़ी।

वर्ष 2017 में वित्तीय घाटे के कारण उन्हें पोल्ट्री फार्म बंद करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने जीविका समूह से फिर ऋण लिया और राशन दुकान शुरू की। धीरे-धीरे दुकान का विस्तार किया और राशन के साथ जनरल स्टोर व सब्जी का कारोबार भी शुरू कर दिया।

बच्चों की परवरिश और पढ़ाई के बीच कारोबार संभालना चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन पति के साथ से उन्होंने दोनों जिम्मेदारियां निभाईं।

उनके दोनों बच्चे शेरघाटी के क्रेन स्कूल से सीबीएसई पाठ्यक्रम में दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं और आगे की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। बेबी देवी अपनी सफलता का श्रेय जीविका से मिले आर्थिक सहयोग और परिवार के विश्वास को देती हैं।

15 महिला समूहों से जुड़ीं 100 से अधिक महिलाएं

बेबी देवी की सफलता का असर अब गांव की दूसरी महिलाओं पर भी दिख रहा है। उनकी प्रेरणा से उदनबीघा में 15 महिला समूह संचालित हैं, जिनसे 100 से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं।

बेबी देवी के अनुसार, शुरुआत में समूह की प्रत्येक सदस्य हर महीने 60 रुपये जमा करती थी। समूह की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ महिलाओं को स्वरोजगार के लिए एक लाख रुपये तक का ऋण मिलने लगा।

इससे उन्हें साहूकारों से महंगे ब्याज पर कर्ज लेने की जरूरत कम हुई। समूह के माध्यम से महिलाएं एक प्रतिशत ब्याज पर ऋण लेकर छोटे कारोबार शुरू करने लगीं।

आज सुनीता देवी चूड़ी का कारोबार कर रही हैं। रेखा देवी और मुनिया देवी सिलाई व किराना दुकान से आमदनी कर रही हैं।

समूह की तीन महिलाएं मीट-मछली की दुकान, जबकि तीन अन्य छोटे होटल चला रही हैं। इस तरह गांव की महिलाएं अब परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी में भी योगदान दे रही हैं।

बेबी देवी बताती हैं कि जीविका से जुड़ने के बाद उनकी जीवनशैली बदल गई। समूह की कई महिलाओं को दो लाख रुपये वाली योजना की दूसरी किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये भी मिले हैं, जिससे उनके कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है।

पति का साथ बना ताकत

बेबी देवी के पति विनेश कुमार बताते हैं कि शुरुआत में पत्नी के समूह की बैठकों में जाने और बैंकिंग कार्यों के लिए बाजार जाने पर गांव में तरह-तरह की बातें होती थीं।

उन्होंने सामाजिक तानों की परवाह किए बिना पत्नी का हौसला बढ़ाया। आज वही लोग परिवार को सम्मान की नजर से देखते हैं।

विनेश कुमार के अनुसार, एक महिला के आत्मनिर्भर बनने से केवल उसका परिवार नहीं, बल्कि पूरा समाज मजबूत होता है।

बेबी देवी की कहानी बताती है कि अवसर, मेहनत और परिवार का सहयोग मिले तो ग्रामीण महिलाएं भी अपनी आर्थिक स्थिति बदलने के साथ दूसरों के लिए रोजगार और प्रेरणा का माध्यम बन सकती हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।