गोपालगंज में छठ के बाद लाखों मछलियां मरीं, पोखर के मालिक को भारी नुकसान
गोपालगंज के हथुआ थाना क्षेत्र में छठ पर्व के बाद एक तालाब में जहरीला पदार्थ डालने से करीब 10 क्विंटल मछलियों की मौत हो गई।

तालाब में मिलीं मरी मछलियां। फोटो जागरण
HighLights
छठ के बाद तालाब में जहरीला पदार्थ डाला गया।
लगभग 10 क्विंटल मछलियों की मौत से भारी नुकसान।
पोखरा मालिक बीरबल प्रसाद को लाखों का आर्थिक संकट।
संवाद सूत्र, हथुआ (गोपालगंज)। हथुआ थाना क्षेत्र के जुड़वनी पुल स्थित तालाब में छठ पर्व की रात जहरीला पदार्थ डालने से करीब 10 क्विंटल मछलियों की मौत हो गई।
घटना में पोखरा मालिक बीरबल प्रसाद को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। बुधवार की सुबह पोखर पर पहुंचने पर पानी की सतह पर सैकड़ों मरी मछलियां तैरती मिलीं।
इसके बाद मरी मछलियों को पोखर से निकालकर बाहर फेंकने का काम शुरू किया गया। पोखरा मालिक बीरबल प्रसाद ने बताया कि छठ पर्व की रात किसी शरारती तत्व ने पोखरे में जहर डाल दिया था। इसके बाद से लगातार मछलियां मर रही हैं।
मछली पालन में काफी पूंजी लगाने के साथ लंबे समय से मेहनत की जा रही थी। एक ही घटना में बड़ी संख्या में मछलियों के मरने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पोखरे के पानी से अब दुर्गंध भी फैलने लगी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर पोखर में जहरीला पदार्थ डालने वाले की पहचान करने और उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर के दलसिंहसराय में अधेड़ की पीट पीटकर हत्या, गांव के लोगों पर अंजाम देने का आरोप