विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व सांसद नगीना राय हत्याकांड: 35 साल बाद कोर्ट का बड़ा फैसला, पूर्व विधायक के दो बेटे दोषी करार

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:58 PM (IST)

गोपालगंज की अदालत ने पूर्व सांसद नगीना राय हत्याकांड में पूर्व विधायक बच्चा चौबे के दो बेटों, परमात्मा चौबे और ब्रजभूषण चौबे को दोषी करार दिया है। 

पूर्व सांसद नगीना राय हत्याकांड में आया फैसला। (जागरण)

पूर्व सांसद नगीना राय हत्याकांड में आया फैसला। (जागरण)

HighLights

  1. पूर्व सांसद नगीना राय हत्याकांड में आया फैसला।

  2. पूर्व विधायक बच्चा चौबे के दो बेटे दोषी करार।

  3. 35 साल बाद अदालत ने सुनाया अहम निर्णय।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। पूर्व सांसद एवं बिहार सरकार में मंत्री रहे नगीना राय के बहुचर्चित हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संजीव कुमार सिंह की अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है।

अदालत ने मामले में पूर्व विधायक बच्चा चौबे के पुत्र परमात्मा चौबे और ब्रजभूषण चौबे को दोषी करार दिया है। अदालत ने इसी गांव के रहने वाले तीसरे आरोपित सत्येंद्र उपाध्याय को संदेह का लाभ देते हुए बाइज्जत बरी कर दिया गया।

दोषी करार दिए जाने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। अब आठ दिसंबर को अदालत में सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी।

फैसले के बाद दोषी करार दिए गए अभियुक्तों के चेहरों पर मायूसी छा गई। अदालत परिसर में इस बहुचर्चित मामले के फैसले को लेकर लोगों के बीच चर्चा होती रही।

35 साल तक मामला लंबित रहने पर कोर्ट ने जताई नाराजगी

फैसला सुनाते हुए अदालत ने हत्याकांड के 35 वर्षों तक लंबित रहने पर नाराजगी भी जताई। इतने लंबे समय बाद आए फैसले ने एक बार फिर इस हत्याकांड को चर्चा में ला दिया है।

Nagina Rai Murder

अपने अधिवक्ता के साथ पूर्व सांसद नगीना राय के पुत्र महेश राय। (जागरण)

दोषी करार दिए गए दोनों अभियुक्तों के चेहरे पर मायूसी के भाव दिखाई दिए। उन्हें अब उम्र के इस पड़ाव पर पुराने मामले में सजा का सामना करना पड़ सकता है।

बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार दुबे ने पैरवी की। वहीं, अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी धर्मदेव सिंह और अधिवक्ता वेद प्रकाश तिवारी ने अदालत के समक्ष साक्ष्य और दलीलें प्रस्तुत कीं।

10 अप्रैल 1991 को भोपतिपुर में हुई थी हत्या

कुचायकोट थाना में दर्ज कांड संख्या 40/1991 के अनुसार, गोपालपुर गांव निवासी पूर्व सांसद एवं मंत्री नगीना राय 10 अप्रैल 1991 को पटना से गोपालगंज लौट रहे थे।

वह गोपालगंज को-ऑपरेटिव बैंक में कुछ लोगों से मुलाकात करने के बाद घर के लिए निकले थे। शाम करीब छह बजे उनकी जीप कुचायकोट थाना क्षेत्र के भोपतिपुर गांव पहुंची।

इसी दौरान सड़क पर गन्ना लदी बैलगाड़ी के कारण जीप रुक गई। तभी वहां पहले से मौजूद सात से आठ लोगों ने नगीना राय पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

सरेराह हुई इस गोलीबारी में नगीना राय की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में लंबे समय तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद अब अदालत ने दो अभियुक्तों को दोषी करार दिया है।

यह भी पढ़ें- आनंद मोहन का बड़ा सवाल- क्या सिर्फ मुझे ही जाना होगा जेल या नियम संशोधन से छूटे सभी 3 हजार लोग वापस जाएंगे?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।