विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज में दुर्गा पूजा पर सख्त पहरा, 300 से अधिक दंडाधिकारी और 1200 जवान रहेंगे तैनात

Published: Wed, 07 Oct 2026 02:12 PM (IST)

गोपालगंज में दुर्गा पूजा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी, जिसमें 300 से अधिक दंडाधिकारी और 1200 जवान तैनात किए जाएंगे।

गोपालगंज में दुर्गा पूजा पर सख्त पहरा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

गोपालगंज में दुर्गा पूजा पर सख्त पहरा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. दुर्गा पूजा के लिए 300 दंडाधिकारी और 1200 जवान तैनात।

  2. संवेदनशील इलाकों पर कड़ी निगरानी, लाइसेंस और रूट का पालन अनिवार्य।

  3. रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध रहेगा।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। दुर्गापूजा के दौरान पूरे जिले में कड़ी चौकसी रहेगी। पूजा को देखते हुए पूरे जिले में 300 से अधिक दंडाधिकारी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा निर्धारित किए गए स्थानों पर 1200 से अधिक जवान तथा करीब तीन सौ से अधिक पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशील इलाकों में कड़ी चौकसी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।

11 अक्टूबर को कलश स्थापना के साथ ही दुर्गा पूजा प्रारंभ हो जाएगा। दुर्गापूजा के दौरान पूरे जिले में चार सौ से अधिक छोटे-बड़े पूजा पंडालों की स्थापना की जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर पूजा पंडालों के साथ ही आसपास के इलाकों में नजर रखने के लिए सप्तमी के दिन से मूर्ति विसर्जन कार्य की समाप्ति तक दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। 

संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त चौकसी बरतने के निर्देश

तमाम दंडाधिकारियों को निर्धारित तिथि को निर्धारित किए गए स्थान पर पहुंचने व योगदान करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने पर्व को देखते हुए संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त चौकसी बरतने के निर्देश जारी किया है। 

प्रशासनिक स्तर पर धार्मिक अनुष्ठान व पूजा में बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया है। साथ ही बगैर लाइसेंस से पूजा पंडाल स्थापित करने तथा मूर्ति विसर्जन जुलूस में भाग लेने वाली पूजा समितियों पर कार्रवाई का निर्देश जारी किया है।

निर्धारित रूट से ही निकलेगा जुलूस

प्रशासनिक स्तर पर मूर्ति विसर्जन का जुलूस निर्धारित किए गए रूट से ही ले जाने का निर्देश जारी किया है। प्रशासनिक स्तर पर मूर्ति विसर्जन जुलूस का लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने निर्धारित रूट का अक्षरश: अनुपालन कराने का निर्देश जारी किया है।

सदर अनुमंडल में 155 दंडाधिकारी

पर्व को देखते हुए सदर अनुमंडल में 155 स्थानों पर दंडाधिकारियों की तैनाती का निर्देश दिया है। इसके अलावा हथुआ अनुमंडल में भी 149 दंडाधिकारी तैनात होंगे। प्रत्येक दंडाधिकारी के साथ 1-4 का फोर्स भी तैनात करने का निर्देश जारी किया गया है। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी।

24 घंटे कार्य करेगा नियंत्रण कक्ष

दुर्गापूजा को लेकर जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा, जो सप्तमी के दिन से ही 24 घंटे काम करेगा। यहां आठ-आठ घंटे की पाली में वरीय पदाधिकारी के अलावा दंडाधिकारियों की तैनाती करने का निर्देश दिया गया है। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में स्थापित किया जाएगा।

उपलब्ध कराना होगा खैरियत प्रतिवेदन

दुर्गापूजा के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को दैनिक खैरियत प्रतिवेदन उपलब्ध कराना होगा। बीडीओ व थानाध्यक्ष संबंधित एसडीओ व एसडीपीओ को प्रतिवेदन देंगे। इसी प्रकार एसडीओ व एसडीपीओ जिले को खैरियत प्रतिवेदन प्रत्येक दिन उपलब्ध कराएंगे।

दो जोन में बंटेगा जिला मुख्यालय

पर्व के दौरान जिला मुख्यालय को दो जाने में बांटकर यहां स्थापित होने वाले पूजा पंडालों से लेकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। दोनों जोन में पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। यह जोन उत्तरी व दक्षिणी जोन के नाम से जाना जाएगा।

रात के दस बजे के बाद नहीं बजेंगे लाउडस्पीकर

दुर्गा पूजा के दौरान दिन के छह बजे से रात के दस बजे के बीच ही लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति होगी। रात के दस बजे के बाद लाउडस्पीकर नहीं बजेंगे। लाउडस्पीकर बजाने के दौरान भी इसके लिए निर्धारित नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है।

यह भी पढ़ें- बिहार में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सख्त, गंगा में मूर्ति विसर्जन और डीजे पर पूरी तरह रोक