विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोपालगंज में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना को झटका: 315 उद्योगों पर लटके ताले, 254 उद्यमियों को वसूली का नोटिस

Published: Fri, 27 Nov 2026 02:34 PM (IST)

गोपालगंज में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत स्थापित 315 उद्योग बंद हो गए हैं, जिससे सैकड़ों उद्यमी कर्ज के बोझ तले दब गए हैं। 

गोपालगंज में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना को झटका (सौ. जागरण)

गोपालगंज में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना को झटका (सौ. जागरण)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 315 उद्योग गोपालगंज में बंद।

  2. 254 उद्यमियों को ऋण वसूली के लिए विभाग ने भेजा नोटिस।

  3. बाजार, कच्चे माल की कमी से उद्योग हुए प्रभावित।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। सरकारी मदद से अपना कारोबार खड़ा करने का सपना लेकर उद्योग लगाने वाले सैकड़ों उद्यमी अब कर्ज के बोझ तले दबे हैं। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत जिले में स्थापित 315 उद्योग-धंधे बंद हो चुके हैं। 

कारोबार ठप होने से कई उद्यमियों की आर्थिक स्थिति ऐसी बिगड़ी कि वे योजना के तहत मिले ऋण की राशि भी वापस नहीं कर सके। अब उद्योग विभाग ने बकाया राशि की वसूली के लिए नोटिस भेजना शुरू कर दिया है।

51 ट्रेड में कुल 1078 लाभुकों का चयन

वर्ष 2018 में शुरू हुई मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत जिले में 51 ट्रेड में कुल 1078 लाभुकों का चयन किया गया। इन्हें उद्योग स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। 

शुरुआती दौर में मशीनें खरीदी गईं और कई इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हुआ, लेकिन बाजार में मांग की कमी, कच्चे माल की समस्या और कारोबार संचालन के लिए अतिरिक्त पूंजी नहीं मिलने से धीरे-धीरे इकाइयां बंद होती चली गईं।

254 उद्यमियों पर ऋण वापसी का दबाव

योजना के तहत चार-चार किस्तें जारी होने के बावजूद 254 उद्यमी ऋण की राशि वापस नहीं कर सके हैं। इनमें कई की इकाइयां बंद हैं। घाटे और पूंजी संकट के कारण उद्यमी किस्त चुकाने में असमर्थता जता रहे हैं। विभाग ने ऐसे लाभुकों को नोटिस भेजकर राशि जमा करने को कहा है। आगे कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।

2021 में सर्वाधिक 361 लाभुकों का चयन

योजना के तहत वर्ष 2018 में 77, 2020 में 74, 2021 में 361, 2022 में 128, 2023 में 180 तथा 2024 में 258 लाभुकों का चयन किया गया। सबसे अधिक 361 लाभुकों चयन 2021 में हुआ था।

सहायता के साथ बाजार और मार्गदर्शन भी जरूरी

योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और छोटे उद्योगों के माध्यम से रोजगार सृजन करना है। हालांकि, उद्योग स्थापित करने के बाद बाजार उपलब्ध कराने, तकनीकी प्रशिक्षण, कच्चे माल की आपूर्ति और नियमित मार्गदर्शन की कमी कई इकाइयों के लिए बाधा बनी। 

ऐसे में केवल आर्थिक सहायता के बजाय उद्योगों को टिकाऊ बनाने के लिए बाजार से जोड़ने और निरंतर सहयोग की जरूरत सामने आ रही है।

यह भी पढ़ें- केवल 500 रुपये की पूंजी और अटूट हौसला, गोपालगंज की बसंती ने ऐसे बदली अपनी तकदीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।