विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के 10 मजदूर मध्य प्रदेश में बंधक: ठेकेदार पर जबरन काम कराने का आरोप, वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार

Published: Thu, 08 Oct 2026 09:07 AM (IST)

गोपालगंज के बैकुंठपुर और मांझा प्रखंड के दस कामगारों को मध्य प्रदेश में बंधक बनाकर जबरन काम कराने का मामला सामने आया है।

HighLights

  1. गोपालगंज के दस कामगार मध्य प्रदेश में बंधक बनाए गए।

  2. ठेकेदार पर जबरन काम कराने और वापस न भेजने का आरोप।

  3. कामगारों ने वीडियो जारी कर प्रशासन से मदद मांगी, पहल शुरू।

जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिले के बैकुंठपुर व मांझा प्रखंड के विभिन्न गांवों के करीब दस कामगारों को काम दिलाने के नाम पर मध्य प्रदेश ले जाकर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। कामगारों ने मांझागढ़ थाना क्षेत्र के धामापाकड़ गांव निवासी एक ठेकेदार पर जबरन बंधक बनाकर काम कराने का आरोप लगाया है। फिलहाल सभी कामगार मध्य प्रदेश के रतलाम में बताए जा रहे हैं।

कामगारों की ओर से वीडियो जारी कर अपनी स्थिति की जानकारी दी गई है। वीडियो में कामगारों ने जिला प्रशासन से उन्हें सुरक्षित तरीके से घर वापस लाने की गुहार लगाई है। 

इच्छा के विरुद्ध काम कराया जा रहा

कामगारों का आरोप है कि उन्हें ठेकेदार अपने साथ मध्य प्रदेश लेकर गया था। वहां पहुंचने के बाद उनकी इच्छा के विरुद्ध काम कराया जा रहा है। घर लौटने की इच्छा जताने के बावजूद उन्हें वापस नहीं भेजा जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-10-08 at 8.47.54 AM

कामगारों के स्वजन के बीच भी घटना को लेकर चिंता बनी हुई है। वीडियो सामने आने के बाद मामले की जानकारी जिला प्रशासन तक पहुंची है। 

घर वापसी को लेकर पहल शुरू 

प्रशासन की ओर से कामगारों की सुरक्षित घर वापसी को लेकर पहल शुरू कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों के स्तर से मध्य प्रदेश में मौजूद कामगारों की स्थिति की जानकारी जुटाने तथा उन्हें वापस लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। 

प्रशासनिक स्तर पर कामगारों से संपर्क स्थापित करने और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, कामगारों के स्वजन भी प्रशासन से जल्द से जल्द सभी को सुरक्षित घर वापस लाने की मांग कर रहे हैं। मामले में ठेकेदार की भूमिका और कामगारों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- गोलंबर पर तस्वीर रखकर धरने पर बैठीं पूर्व सांसद की पत्नी; कहा- अपना वादा पूरा करे प्रशासन