20 बैलगाड़ियों पर सवार होकर पहुंची बरात, बिहार में अनंत सिंह के शाही समारोह के बीच अनोखी शादी की चर्चा
गोपालगंज के कटेया में 20 सजी-धजी बैलगाड़ियों की अनोखी बारात चर्चा का विषय बनी हुई है। आधुनिकता के दौर में पारंपरिक अंदाज में निकली इस बारात ने ग्रामीण संस्कृति और पुरानी शादियों की यादें ताजा कर दीं।

बैलगाड़ी में सवार होकर पहुंचे बराती। इंटरनेट मीडिया
HighLights
कटेया में 20 सजी-धजी बैलगाड़ियों की बारात निकली।
आधुनिक वाहनों के बजाय पारंपरिक अंदाज में निकली बारात।
ग्रामीण संस्कृति और पुरानी शादियों की यादें ताजा हुईं।
संवाद सूत्र, कटेया (गोपालगंज)। लग्जरी गाड़ियों और डीजे के दौर में शादी-विवाह की बारात का मतलब अब चमचमाती कारों का काफिला माना जाता है।
ऐसे समय में कटेया प्रखंड के समोगर गांव से 25 नवंबर को निकली 20 सजी-धजी बैलगाड़ियों की बारात इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
आधुनिक वाहनों के बजाय बैलगाड़ियों पर सवार होकर निकले बारातियों का अनोखा अंदाज जिसने भी देखा, वह ठहरकर देखने को मजबूर हो गया। बारात निकलने के कई दिन बाद भी लोग इस अनोखे काफिले की चर्चा कर रहे हैं।
समोगर गांव निवासी सुरेश यादव के घर से निकली बारात कवलरहीं निवासी कमलेश यादव के घर के लिए रवाना हुई थी। इस अनोखी बारात के लिए सभी 20 बैलगाड़ियों का इंतजाम दियारा क्षेत्र से किया गया था।
इसके बाद बैलगाड़ियों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। बैलों को भी रंग-बिरंगे कपड़ों और फूलों से सजाया गया था। सजी-धजी बैलगाड़ियों पर बाराती पूरे उत्साह के साथ सवार होकर निकले तो सड़क से गुजरने वाले लोगों की नजरें इस काफिले पर टिक गईं।
आधुनिकता के बीच दिखा पुराना ग्रामीण अंदाज
शादी-विवाह में जहां अब लग्जरी कारों और अन्य आधुनिक वाहनों का काफिला निकालने का चलन बढ़ गया है, वहीं इस बारात ने ग्रामीण संस्कृति के पुराने रंग को फिर सामने ला दिया।
बारात जिस रास्ते से गुजरी, वहां लोग इसे देखने के लिए सड़क किनारे जुटते रहे। कई लोगों ने इस दृश्य को देखकर 90 के दशक की शादियों और उस दौर में बैलगाड़ियों से निकलने वाली बारातों को याद किया।
एक साथ 20 बैलगाड़ियों ने खींचा ध्यान
गांवों में भी अब बैलगाड़ियां पहले की तरह नजर नहीं आती हैं। ऐसे में दियारा क्षेत्र से मंगाई गईं 20 बैलगाड़ियों का सजा-धजा काफिला निकलना लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया।
लोगों ने बारात के वीडियो और तस्वीरें भी बनाए। 25 नवंबर को निकली यह अनोखी बारात अब भी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। आधुनिकता के बीच परंपरागत ग्रामीण अंदाज में निकली इस बारात ने लोगों को पुरानी शादियों की याद दिला दी।