समस्तीपुर में वर्दी पुलिस की, काम चोरों का! स्कार्पियो से आए और आठ बकरियां लेकर चलते बने
समस्तीपुर के कल्याणपुर में पुलिस की वर्दी में आए चोरों ने स्कार्पियो से पहुंचकर आठ बकरियां और एक मोबाइल फोन चुरा लिया। ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी और अब रात की गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

समस्तीपुर में स्कार्पियो से बकरियों की चोरी। (AI-जनरेटेड तस्वीर)
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर (समस्तीपुर)। रात के सन्नाटे में उजली स्कार्पियो गांव में पहुंची तो किसी को शक नहीं हुआ। गाड़ी से उतरे चार-पांच लोग पुलिस जैसी वर्दी में थे। हाथों में टार्च थी और अंदाज भी पुलिसकर्मियों जैसा। लेकिन ये पुलिस वाले नहीं, बकरियां चुराने आए शातिर चोर थे।
पहले ग्रामीणों की आंखों पर टार्च की तेज रोशनी डाली, फिर घरों के दरवाजे से बकरियां समेटकर चलते बने। शनिवार देर रात हुई इस घटना ने गांव के लोगों को चौंका दिया।
आधी रात को पुलिस जैसी वर्दी में पहुंचे चोर
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर और फुलवरिया गांव में शनिवार रात करीब एक बजे स्कार्पियो से चार-पांच लोग पहुंचे। सभी पुलिस जैसी वर्दी पहने हुए थे। उनके हाथों में टार्च भी थी।
चोरों ने सबसे पहले जीवछ सिंह के दरवाजे को निशाना बनाया। उस समय जीवछ जाग रहे थे। उन्होंने वर्दी पहने लोगों को देखकर कुछ समझने की कोशिश की, तभी दो चोरों ने उनकी आंखों पर टार्च की तेज रोशनी डाल दी। इसका फायदा उठाकर अन्य चोर घर से दो बकरियां लेकर फरार हो गए।
एक के बाद एक चार घरों को बनाया निशाना
इसके बाद चोर मोहम्मद भोला के दरवाजे पर पहुंचे। वहां से भी दो बकरियां और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। ग्रामीणों के अनुसार कपिल राय, जीवछ सिंह, मोहम्मद भोला और मोहम्मद इल्ताफ के घर से दो-दो बकरियां गायब हुई हैं। इस तरह चोर कुल आठ बकरियां लेकर फरार हो गए।
डायल 112 पर दी गई सूचना
घटना के बाद ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन की और पीड़ितों को थाने में लिखित आवेदन देने की सलाह दी। रविवार को पीड़ितों ने थाने में आवेदन दिया।
रात की गश्ती बढ़ाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने पुलिस जैसी वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। उन्होंने स्कार्पियो सवार चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी, रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। अब पुलिस के सामने वर्दी की आड़ में चोरी करने वाले गिरोह का पता लगाने की चुनौती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।