जनसंघर्ष आंदोलन करने का लिया गया निर्णय
जागरण संवाददाता,गोपालगंज: गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर समाजिक कार्यकर्ता जनसंघर्ष आंदोलन करेंगे। इसके साथ ही विशाल रैली भी निकाली जाएगी। गुरुवार को जिला पार्षद ओमप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में विधानसभा क्षेत्र की मुख्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अपने संबोधन में जिला पार्षद ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख समस्याओं पर न तो जिला प्रशासन और ना ही स्थानीय विधायक तथा सांसद ही ध्यान दे रहे हैं। हर साल सैकड़ो लोग बाढ़ और नदी के कटाव से प्रभावित होते हैं। जिला मुख्यालय में भी जलनिकासी की कारगर व्यवस्था नहीं होने से लोग जलजामव से जूझ रहे हैं। शहर के जादोपुर पथ, राजीव नगर, राजेन्द्र नगर, हनुमानगढ़ी, मिंज स्टेडियम सहित सभी इलाके में जलजमाव की स्थिति विकट बनी हुई है। भुगतान नहीं मिलने से गन्ना किसान परेशान हैं। उन्होने कहा कि इन समस्याओं से निजात दिलाने के लिए अब जनसंघर्ष आंदोलन किया जाएगा। इसके साथ ही रैली भी निकाली जाएगी। बैठक में थावे, उचकागांव प्रखंड से आये समाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक का संचालन छात्र नेता सचिन कुमार सिंह ने किया। बैठक में मंजर क्यूम, करीमन मुखिया, प्रमोद सिंह, बनिराम सिंह, देवेंद्र चौरसिया, प्रणव मिश्रा, गोविंद वर्णवाल, राजू सिंह, अंकुर सिंह, अजय पटेल, जावेद अख्तर, उपप्रमुख रामअशीष सिंह, रौनक अली, कामिल मियां, संजीव सिंह, प्रशांत श्रीवास्तव, सुनील शर्मा सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।