ओडिशा से सासाराम लाखों का गांजा ले जा रही थी महिला तस्कर, गया जंक्शन पर RPF-GRP ने झोला खुलवाया तो उड़ गए होश
गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन नारकोस के तहत 12.756 किलोग्राम गांजे के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया।

महिला तस्कर गिरफ्तार
HighLights
गया जंक्शन पर RPF-GRP की संयुक्त कार्रवाई।
12.756 किलोग्राम गांजे के साथ महिला गिरफ्तार।
जब्त गांजे की कीमत 6.37 लाख रुपये आंकी गई।
जागरण संवाददाता, गयाजी। गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन नारकोस के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.756 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 6,37,800 रुपये आंकी गई है।
महिला की पहचान रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव निवासी 22 वर्षीय छोटी कुमारी के रूप में हुई है। वह ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर सासाराम जा रही थी।
आरपीएफ पोस्ट गया के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव, अपराध आसूचना शाखा के निरीक्षक प्रभारी चंदन कुमार और जीआरपी थानाध्यक्ष शिव कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में आपराधिक गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर धनबाद-शकूरबस्ती एक्सप्रेस (03639) के गया जंक्शन पहुंचने पर जांच की गई।
जनरल कोच में झोले से मिले 12 बंडल
ट्रेन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचने के बाद टीम ने आगे के जनरल कोच में यात्रा कर रही महिला की तलाशी ली। उसके पास मौजूद झोले में गांजा के 12 बंडल मिले। इनका कुल वजन 12.756 किलोग्राम था। इसके बाद मौके पर मौजूद राजपत्रित अधिकारी सह सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह के समक्ष विधिवत कार्रवाई करते हुए गांजा जब्त किया गया। महिला पुलिसकर्मी की सहायता से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
पैसे के लालच में तस्करी की बात स्वीकारी
पूछताछ में महिला ने बताया कि पैसे के लालच में वह ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर सासाराम जा रही थी। इसके बाद जब्त गांजा और गिरफ्तार महिला को जीआरपी थाना गया लाया गया।
आरपीएफ के उपनिरीक्षक धीरेंद्र कुमार के लिखित आवेदन पर जीआरपी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही हैं।
कार्रवाई में आरपीएफ के उपनिरीक्षक धीरेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षी सचिंद्र कुमार, आरक्षी नरेंद्र कुमार, अनिल प्रसाद और अरुण कुमार सिंह, अपराध आसूचना शाखा के आरक्षी दीपक ओझा, सीपीडीएस टीम के उपनिरीक्षक मुकेश कुमार तथा जीआरपी की हवलदार चंदा देवी शामिल रहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।