बंजर खेतों में लहलहाईं सब्जियां, किसानों की मेहनत से बदली बिहार के टनकुप्पा की तस्वीर; ₹2 लाख तक होती है कमाई
गया के टनकुप्पा प्रखंड के किसानों ने सिंचाई की व्यवस्था सुधारकर बंजर भूमि को सब्जी उत्पादन के केंद्र में बदल दिया है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे प्रति सीजन लाखों रुपये कमा रहे हैं।

खेती में जुटे टनकुप्पा के किसान। फोटो जागरण
HighLights
टनकुप्पा के किसानों ने बंजर भूमि को सब्जी उत्पादन में बदला।
सिंचाई व्यवस्था सुधरने से किसानों की आय में वृद्धि हुई।
महिलाएं खेतों में, पुरुष मंडियों में सब्जियां बेचते हैं।
संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। कभी सिंचाई के अभाव में अच्छी उपज की उम्मीद छोड़ चुके टनकुप्पा प्रखंड के किसानों ने मेहनत से खेती की तस्वीर बदल दी है।
करीब 15 वर्ष पहले इक्का-दुक्का किसान सब्जी उगाते थे, वहीं आज टनकुप्पा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में सब्जियों का उत्पादन हो रहा है। खेतों की हरियाली किसानों के घरों में खुशहाली ला रही है।
टनकुप्पा गांव में पहले जमीन बंजर पड़ी रहती थी। किसानों ने सिंचाई की व्यवस्था दुरुस्त की और सब्जी की खेती शुरू की। आज गांव में करीब 25 बीघा जमीन पर सब्जियां उगाई जा रही हैं।
किसानों के अनुसार, एक सीजन में करीब दो लाख रुपये तक की बचत हो जाती है। अलग-अलग मौसम में उत्पादन से सालभर आमदनी बनी रहती है।
पहले खेती से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल था, लेकिन अब बच्चों की पढ़ाई और घरेलू जरूरतें पूरी करने के बाद बचत भी हो रही है।
सिंचाई सुधरी तो बढ़ा उत्पादन
किसानों ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से अपेक्षित उपज नहीं होती थी। बाद में किसानों ने अपने स्तर से पानी की व्यवस्था की।
बेहतर आमदनी देखकर आसपास के किसानों ने भी सब्जी उत्पादन अपनाया। अब भूमिहीन किसान भी जमीन किराये पर लेकर खेती कर रहे हैं।
महिलाएं खेतों में, पुरुष मंडी में
टनकुप्पा गांव में प्रवेश करते ही खेतों में हरियाली दिखाई देती है। महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खेती करती हैं।
वे फसल की देखभाल और निराई-गुड़ाई संभालती हैं, जबकि पुरुष सब्जियों को गया और झारखंड की मंडियों में बेचने ले जाते हैं। कई बार व्यापारी सीधे खेत पहुंचकर उपज खरीद लेते हैं।
प्रशिक्षण और प्रोत्साहन की जरूरत
किसान ईश्वर कुमार वर्मा, अनिल कुमार मेहता, शोभा देवी और रीना देवी ने बताया कि सब्जी की खेती से आर्थिक स्थिति सुधरी है।
शुरुआत में संसाधनों की कमी से परेशानी हुई, लेकिन धीरे-धीरे हालात बेहतर हुए। किसानों का कहना है कि सरकारी प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो उत्पादन बढ़ सकता है।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि टनकुप्पा, बरसौना, ढिबर, बादलबीघा, सैदपुर, चौबार, बाजाबीघा और महेर सहित कई गांवों में किसान उन्नत तरीके से सब्जियों की खेती कर रहे हैं।
कृषि विभाग और जीविका किसानों को प्रशिक्षण तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दे रहे हैं। टनकुप्पा और बरसौना सब्जी की खेती के हब बन गए हैं। मेहनत रंग लाई।
यह भी पढ़ें- कैमूर पहाड़ी के गांवों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी, अवसानी नदी पर बनेंगे 3 पुल