गोबर की खाद और 10 साल की मेहनत से बंजर जमीन ने उगला 'सोना'! गया की सुषमा देवी अब हर साल कमा रहीं 7.80 लाख
गया के कमालपुर गांव की सुषमा देवी ने अपनी तीन एकड़ बंजर जमीन को 10 साल की मेहनत और गोबर खाद से उपजाऊ बनाया। आज वे एकीकृत खेती, डेयरी, नर्सरी और मछली पालन से सालाना 7.80 लाख रुपये की शुद्ध कमाई कर रही हैं।

गया की सुषमा देवी (सौ. जागरण)
HighLights
तीन एकड़ बंजर जमीन को 10 साल में उपजाऊ बनाया।
एकीकृत खेती से सालाना 7.80 लाख रुपये की कमाई।
तालाब में मछली पालन आय का प्रमुख स्रोत बना।
संवाद सूत्र, बांकेबाजार (गया)। बांकेबाजार प्रखंड मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर तिलैया पंचायत का कमालपुर गांव चारों ओर से जंगल और पहाड़ों से घिरा हुआ है। यहां की जमीन कभी बेहद बेकार और बंजर मानी जाती थी।
इसी बंजर जमीन पर कमालपुर की रहने वाली सुषमा देवी ने सफलता की ऐसी कहानी लिखी है, जो आज पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। तीन एकड़ बंजर जमीन से आज वह सालाना 7.80 लाख रुपये की शुद्ध कमाई कर रही हैं।
साल भर में महज एक लाख रुपये की आमदनी
सुषमा बताती हैं कि कुछ साल पहले तक परिवार के भरण-पोषण की गंभीर समस्या थी। तीन एकड़ जमीन होने के बावजूद बंजर होने के कारण साल भर में महज एक लाख रुपये की आमदनी हो पाती थी।
परिवार चलाना मुश्किल था। इसी दौरान वह प्रयास नामक सामाजिक संस्था से जुड़ीं और गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करने लगीं। संस्था से मिले मानदेय को उन्होंने अपनी पूंजी बनाया।
10 साल तक किया जमीन का उपचार
सबसे पहले उन्होंने अपनी जमीन सुधारने का बीड़ा उठाया। खेतों की मेड़बंदी कराई, पानी की व्यवस्था की और गोबर की खाद व कंपोस्ट डालकर 10 वर्षों तक जमीन का उपचार किया। इस पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च किए। धीरे-धीरे बंजर जमीन उपजाऊ बन गई।
जमीन उपजाऊ होते ही उन्होंने सब्जी की खेती शुरू की। अच्छी आमदनी होने पर उनका हौसला बढ़ा और उन्होंने एकीकृत खेती की ओर कदम बढ़ाया। सब्जी से हुई आय से उन्होंने डेयरी व्यवसाय शुरू किया और अच्छी नस्ल की गाय लीं। इसके बाद जमीन के एक हिस्से में फलदार और फूलदार पौधों की नर्सरी लगाई, जो आज आमदनी का अच्छा जरिया है।
तालाब बना आय का सबसे बड़ा स्रोत
सुषमा ने सबसे साहसिक कदम उठाते हुए अपनी जमीन पर 200 फीट चौड़ा और 250 फीट लंबा विशाल तालाब खुदवाया। तालाब की खुदाई में 5 लाख और मछली पालन शुरू करने में 2 लाख रुपये का निवेश किया। आज वही तालाब उनकी आय का सबसे बड़ा स्रोत है।
तालाब से प्रतिवर्ष करीब 6 लाख रुपये का मछली उत्पादन हो रहा है।वर्तमान में सुषमा को तीन एकड़ से 7.80 लाख रुपये की वार्षिक शुद्ध आय हो रही है। इसमें डेयरी से 1.80 लाख, नर्सरी से 2 लाख और मछली पालन से 4 लाख रुपये का शुद्ध लाभ शामिल है। यह पहले की आय से 6.80 लाख रुपये अधिक है।
10 एकड़ जमीन लीज पर
अब वह 10 एकड़ जमीन लीज पर लेकर बड़े पैमाने पर मछली पालन, तालाब की मेड़ पर फूलों की खेती, कड़कनाथ मुर्गी पालन और हरियाणवी नस्ल की भैंस पालने की योजना बना रही हैं। उनकी कहानी साबित करती है कि मजबूत इच्छाशक्ति हो तो बंजर जमीन सोना उगल सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।