गया में बदमाशों ने दरोगा के दोनों बेटों को मारी गोली, एक की मौत; बड़ा भाई गंभीर
गया के मानपुर में दुर्गापूजा के दौरान देर रात बदमाशों ने मोतिहारी में तैनात दरोगा के दो बेटों को गोली मार दी।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग। फोटो जागरण
HighLights
मानपुर, गया में दरोगा के बेटों को गोली मारी गई।
छोटे बेटे रानू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
बड़ा बेटा मोनू सिंह गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में।
संवाद सूत्र, मानपुर। गया के दुर्गापूजा के दौरान सोमवार देर रात मानपुर में बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के निकट सोमवार देर रात अपराधियों ने मोतिहारी में तैनात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों को गोली मार दी।
घटना में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक के पिता मोतिहारी में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत है, जबकि चाचा भी भागलपुर में सब इंस्पेक्टर हैं।
घायल का अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
दोनों भाई मूल रूप से अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन गांव के रहने वाले थे। उनका परिवार पिछले कुछ वर्षों से मानपुर की सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में रह रहा है।
परिजनों के अनुसार, मोहल्ले से कुछ दूरी पर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों भाइयों को फोन कर मौके पर बुलाया गया।
बताया जाता है कि वहां पहुंचने पर दोनों बीच-बचाव करने लगे, तभी बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान रानू सिंह की मौत हो गई।
जुए के विवाद की चर्चा, पुलिस जांच में जुटी
घटना के पीछे जुए से जुड़े विवाद की चर्चा स्थानीय स्तर पर हो रही है। लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि आसपास कथित तौर पर जुआ होता है।
हालांकि, पुलिस ने अब तक जुए या शराब से जुड़े विवाद को गोलीबारी की वजह होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटनास्थल से खोखे बरामद, आरोपितों की तलाश
घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किए हैं।
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोलीबारी में कौन-कौन शामिल थे और दोनों भाइयों को किसने फोन कर बुलाया था।
पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर जांच जारी है। एक बेटे की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
